हरदोई: अलग-अलग जगहों पर आग लगने से 100 बीघा फसल जलकर खाक, मंत्री नितिन ने किसानों को दिया मदद का भरोसा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बावन, हरदोई। लोनार कोतवाली और शहर कोतवाली क्षेत्र के कई गाँवों के खेतों में लगी आग से किसानों के सपने चकनाचूर हो गए। खेतों में लगी भयंकर आग ने करीब 100 बीघा गेंहूं की फसल को जलाकर राख कर दिया। किसानों की आँखों के सामने ही उसकी बर्बादी होती रही और किसान कुछ ना कर सके। 

कोतवाली लोनार क्षेत्र के राजस्व गांव सकरा के मजरा इटाहा गाँव के खेतों में शुक्रवार दोपहर किसान अपने खेतों में हाँथ कटाई मशीन से गेंहूं की फसल की कटाई कर रहे थे तभी अचानक मशीन से चिंगारी निकली और खेत में आग लग गयी। देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप ले लिया और किसान महेश प्रसाद सुमन, मुनेश्वर, राकेश, सुरेश चंद्र, श्रीराम, जयचंद्र, राम कुमार,टीकाराम, उदयवीर, कमलेश, मदन पाल, जयदेवी आदि के खेतों में पहुँच गयी और करीब 40 बीघा फसल को चपेट में ले लिया। 

सूचना पाकर ग्रामीणों और किसानों ने मिलकर ट्रैक्टर से जुताई करके आग पर काबू पाया। गाँव में ही आबकारी राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार नितिन अग्रवाल का क्षेत्र भृमण कार्यक्रम भी था जिससे सूचना पाकर मंत्री नितिन अग्रवाल पगडंडी पार करके किसानों के खेतों में गए और निरीक्षण किया तथा राजस्व निरीक्षक नवनीत शुक्ला से जानकारी ली और किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाये जाने की त्वरित कार्यवाई कराने के निर्देश दिए। 

इस दौरान लेखपाल संजीत कुमार सिंह, कानूनगो नवनीत शुक्ला, कानूनगो अवध किशोर, नाजिम खाँ, महादेव कश्यप, सरदार नायब सिंह, कोतवाल विनोद कुमार यादव,आदि लोग मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर लोनार कोतवाली क्षेत्र के गांव बिस्कुला में खेतों में अज्ञात कारणों से आग लग गयी जिससे आग की लपटों से गांव निवासी किसान परमेश्वर दीन दीक्षित, अनिल दीक्षित, कुलदीप दीक्षित, रामसागर पाल,कृष्ण कुमार पाल, कुसुमलता शुक्ला,अमलेंद्र पाल, महेंद्र पाल,सरोज पाल,सुखेन्द्र दुबे,शैलेन्द्र दुबे, के करीब 50 बीघा के रकबे में खड़ी गेंहूँ की फसल जलकर खाक हो गयी। 

ग्रामीणों की सूचना पर पहुँची फायर ब्रिगेड की मशीन और ट्रैक्टर से जोताई करके आग बुझाई जा सकी। चौकी इंचार्ज बावन व्यास यादव, लेखपाल विनीत अवस्थी,कानूनगो नसीम अहमद,हेड कांस्टेबल विनोद यादव, प्रफुल्ल यादव,मनदीप चौधरी ने मौके पर पहुँच कर मुआयना किया और उच्चाधिकारियों को सूचना दी।

राजस्व टीम ने बताया कि सर्वे करके अगर किसानों का किसान कार्ड से बीमा होगा तो बीमा कम्पनी मुआवजा देगी और अगर बीमा नहीं होगा तो मंडी समिति से मुआवजे की कार्यवाई कराई जाएगी। फिलहाल खेतों में खड़ी तैयार फसल जल जाने से किसानों की उम्मीदों पर पानी फिर गया जिससे अन्नदाताओं का रो रोकर बुरा हाल है। शहर कोतवाली छेत्र के गांव समुदा में भी आग लग गयी किसानों की लगभग 20 बीघा जमीन जलकर राख हो गयी।

यह भी पढ़ें:-औरैया: भतीजे ने चाचा के सिर पर मारी ईंट, अस्पताल ले जाते समय मौत

 

संबंधित समाचार