बरेली: एचडीयू में गंभीर महिला रोगियों को मिलेंगी उच्च स्तरीय सुविधाएं
जिला महिला अस्पताल में हाई डिपेंडेंसी यूनिट (एचडीयू) का निर्माण शुरू
बरेली, अमृत विचार। जिला महिला अस्पताल में गंभीर मरीजों को उच्च स्तरीय सुविधाएं मिलेंगी। अस्पताल में एचडीयू (हाई डिपेंडेंसी यूनिट) का निर्माण शुरू हो गया है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार शासन ने निर्माण के लिए तीन माह पहले करीब 10 लाख रुपये का बजट आवंटित किया था।
हाई डिपेंडेंसी यूनिट में मॉनिटर के साथ बाई पेप मशीन की सुविधा होगी। मरीजों को तत्काल इलाज मुहैया करवाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर मरीज को बेड पर ही सारी सुविधाएं मिलेंगी। उसे अन्य विभागों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। डॉक्टर, नर्स समेत स्टाफ की एक अलग टीम तैनात रहेगी, ताकि मरीजों की उचित देखभाल की जा सके। मरीजों के इलाज के लिए 8 बेड की उपलब्धता होगी। लेबर रूम वाले भवन में जहां पूर्व में पोस्टपार्टम कक्ष था, वहां एचडीयू का निर्माण हो रहा है।
पोस्टपार्टम कक्ष को पीपीसी ओटी में शिफ्ट कर दिया गया है। यहां एचडीयू का निर्माण शुरू करा दिया गया है। निर्माण के लिए बजट पूर्व में प्राप्त हो गया था। जल्द ही उपकरण व अन्य संसाधन भी शासन स्तर से मुहैया करा दिए जाएंगे---डॉ. निशा राना, क्वालिटी मैनेजर, जिला महिला अस्पताल।
यह भी पढ़ें- बरेली: 26 जोड़ों ने एक साथ लिए सात फेरे, थामा एक दूसरे का हाथ
