संभल : ईवीएम की सुरक्षा से खिलवाड़ में एक्सईएन और एई के खिलाफ एफआईआर
ईवीएम वेयर हाउस के प्रथम तल पर दीवार तोड़कर किए बड़े सुराख, छेद बंद नहीं करने के कारण वर्षा का पानी प्रथम तल में पहुंचा, ईवीएम, वीवीपैट मशीनें और सरकारी संपत्ति को हुई हानि
संभल, अमृत विचार। करोड़ों की लागत से बने ईवीएम वेयर हाउस में ईवीएम व वीवीपैट की सुरक्षा से खिलवाड़ का मामला सामने आया है। वेयर हाउस की दीवार तोड़कर बड़े सुराख किए गए। इनमें वर्षा के पानी से ईवीएम व वीवीपैट मशीनें भीग गईं। जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने यूपी राज्य सहकारी निर्माण संघ लिमिटेड मुरादाबाद के अधिशासी अभियंता और सहायक अभियंता के खिलाफ कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई है।
शहजादी सराय में एडीएम कार्यालय के पास कार्यदायी संस्था राज्य सहकारी निर्माण संघ लिमिटेड से वेयर हाउस का निर्माण कराया जा रहा है। जिलाधिकारी मनीष बंसल के संज्ञान में आया कि वेयर हाउस के प्रथम तल पर दीवार तोड़कर बड़े सुराख किए हैं। हालांकि इसकी सूचना निर्वाचन विभाग कार्यालय को नहीं दी गई। इसी तल पर ईवीएम, वीवीपैट मशीनें संरक्षित हैं। बड़े सुराख बंद न करने के कारण ईवीएम व वीवीपैट की सुरक्षा प्रभावित हुई। इससे हाल ही में हुई बारिश का पानी तल में प्रवेश कर गया और ईवीएम, वीवीपैट मशीनें भी भीग गईं।
वहीं रेन वाटर हार्वेस्टिंग के तहत परिसर में बने चैंबर के छेद को भी ढककर व्यवस्थित नहीं किया गया। इससे सरकारी संपत्ति को हानि पहुंची और जन सामान्य की सुरक्षा को भी खतरा हो गया। तीन दिन पहले ईवीएम वेयर हाउस के नए भवन का जायजा लेने पहुंचे डीएम हालात को देखकर चौंक गए। उन्होंने इस मामले में कार्रवाई कराने के निर्देश दिए तो प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद तारिक ने कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता योगेंद्र बहादुर सिंह और सहायक अभियंता ओमप्रकाश सैनी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
ये भी पढ़ें:- संभल : दुकान में बंद कर तीन बच्चियों से दुष्कर्म का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार
