संभल : दुकान में बंद कर तीन बच्चियों से दुष्कर्म का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार
आठ साल की तीन बच्चियां दुकान पर गई थीं सामान लेने, दुकानदार ने बहाने से कोठरी में भेजकर दबोचा, एक बच्ची ने किसी तरह घर पहुंचकर बताई दुकानदार की करतूत, मोहल्ले के लोगों ने दुकानदार को पकड़कर पुलिस को सौंपा
संभल, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में सामान लेने गई तीन बच्चियों को दुकानदार ने बहाने से दुकान की कोठरी में ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास किया। एक बच्ची किसी तरह खुद को छुड़ाकर घर पहुंची और परिजनों को बताया। परिजन व मोहल्ले के लोगों ने दोनों बच्चियों को छुड़ाकर दुकानदार को पुलिस के हवाले कर दिया। एक मोहल्ले में आसपास रहने वाली आठ साल की तीन बच्ची शाम को चार बजे खाने के लिए कुछ सामान लेने पड़ोस में ही स्थित जाहिद की दुकान पर गई थीं।
जाहिद ने बच्चियों से कहा कि अंदर कोठरी में कचरी के पैकेट रखे हैं, जाकर ले लो। जैसे ही तीनों बच्ची कोठरी में गईं, पीछे से दुकानदार भी पहुंच गया और उनके साथ मनमानी करने लगा। इस बीच एक बच्ची से किसी तरह खुद को छुड़ाया और भागकर घर पहुंच गई। बच्ची ने अपनी मां को दुकानदार की करतूत बताई। इसके बाद परिवार व मोहल्ले के लोग इकट्ठा होकर दुकान पर पहुंचे। उस समय भी जाहिद दोनों बच्चियों के साथ कोठरी में था। लोगों ने बच्चियों को उसके कब्जे से छुड़ाकर जाहिद को पुलिस के हवाले कर दिया।
परिजनों को दी कार्रवाई कराने पर देख लेने की धमकी
बच्चियों के परिजनों का कहना है कि जब वह पहुंचे तो दुकानदार सहम गया। इस बीच दोनों बच्चियां खुद को उसके कब्जे से छुड़ाकर उनसे आकर लिपट गईं। इसके बाद दुकानदार ने धमकी दी कि अगर कार्रवाई की तो देख लेना। इस बार तो बच्चियां बच गईं, अगली बार नहीं बचेंगी। कोतवाल ओंकार सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी जाहिद को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ये भी पढ़ें : संभल : शोभायात्रा निकालने पर अड़े बजरंग दल कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक
