संभल : शोभायात्रा निकालने पर अड़े बजरंग दल कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मढ़न में बजरंग दल कार्यकर्ताओं से वार्ता करते अपर पुलिस अधीक्षक श्रीश चंद्र।

संभल/ओबरी, अमृत विचार। असमोली थाना क्षेत्र के गांव में पुलिस ने हनुमान जयंती पर शोभायात्रा निकालने की इजाजत नहीं दी। इसे लेकर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। पुलिस के साथ कार्यकर्ताओं की नोकझोंक भी हुई। अपर पुलिस अधीक्षक से वार्ता के बाद कार्यकर्ता शांत हुए।

असमोली के मढ़न में लोग गुरुवार को हनुमान जयंती पर शोभायात्रा निकालने की तैयारी कर रहे थे। जानकारी पर पुलिस ने शोभायात्रा की इजाजत देने से इंकार कर दिया। कहा कि आयोजन करना था तो अनुमति लेनी चाहिए थी। आयोजन टलने पर दोपहर को गांव के लोग व बजरंग दल कार्यकर्ता मढ़न पुलिस चौकी पहुंच गये। शोभायात्रा निकालने की मांग पर अड़े बजरंग दल कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ नोकझोंक भी हुई। जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी संजय कुमार मढ़न चौकी पहुंचे। थाना प्रभारी ने कहा कि इस तरह अचानक शोभायात्रा निकालने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
       
एएसपी से वार्ता के बाद हुए सहमत 
 हनुमान जयंती शोभायात्रा निकालने को लेकर बजरंग दल कार्यकर्ताओं के अड़ने की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक श्रीशचंद्र मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बजरंग दल कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों को समझाया। इसके बाद शोभायात्रा नहीं निकालने की सहमति बन गई। तय हुआ कि मंदिर परिसर में रामायण पाठ व पूजा-अर्चना का परम्परागत कार्यक्रम होगा।

ये भी पढ़ें:- रामपुर: हाइवे पर लगी 240 तिरंगा स्ट्रीट लाइटों में 60 बंद मिलीं, दो फर्मों को नोटिस

संबंधित समाचार