बरेली: रबड़ फैक्ट्री केस में नहीं आया फैसला, कर्मचारियों के पास धरने की तैयारी का संदेश पहुंचा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सुनवाई पूरी होने के साथ फैसला सुरक्षित रखने के करीब डेढ़ माह भी रबड़ फैक्ट्री केस में फैसला नहीं आया है। इसको लेकर अधिकारी और रबड़ फैक्ट्री के कर्मचारी चिंतित हैं। होली से पहले बॉम्बे हाईकोर्ट में केस की बेंच बदलने से फैसला आने में विलंब होना बताया जा रहा है। राज्य सरकार की ओर से मार्च माह में पूर्ववत बेंच में सुनवाई पूरी होने को आधार बताते हुए जल्द फैसला सुनाए जाने के संंबंध में मुख्य न्यायाधीश के यहां अर्जी लगाई है, लेकिन अभी कोई सुनवाई नहीं हुई।

बॉम्बे हाईकोर्ट में पैरवी के लिए राज्य सरकार की ओर से नामित अधिवक्ता से अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष बहादुर सिंह ने केस में अपडेट लेने के संबंध में बात की है। अधिकारी का कहना है कि राज्य सरकार की ओर से मजबूत पैरवी की जा रही है।

इधर, अभी फैसला नहीं आया है लेकिन शुक्रवार को रबड़ फैक्ट्री के कर्मचारियों को लखनऊ में धरना प्रदर्शन के लिए तैयारी करने के संबंध में मेसेज भेजे गए। वायरल हो रहे दूसरी यूनियन के मेसेज में कहा गया है कि कर्मचारियों को हक के लिए धरना-प्रदर्शन करना जरूरी है।

वहीं, एसएंडसी कर्मचारी यूनियन के महामंत्री अशोक कुमार मिश्रा का कहना है कि जब अभी रबड़ फैक्ट्री केस में फैसला नहीं आया है, तब धरना प्रदर्शन करने जैसी कोई नौबत नहीं है। फैसला आने पर कर्मचारियों को उनका हक जरूर मिलेगा, इस वजह से बेवजह की बातों में कर्मचारी यकीन न करें।

यह भी पढ़ें- बरेली: श्रद्धा के साथ मनाया गुड फ्राइडे, गिरिजाघरों में हुईं विशेष प्रार्थना सभाएं

संबंधित समाचार