देखें Video - बहराइच जिला अस्पताल के सामने आधी रात हुई फायरिंग, दो पक्षों में बवाल के दौरान की तोड़फोड़
बहराइच, अमृत विचार। जिला अस्पताल के सामने रात 12.30 बजे दो पक्षों के लोगों में मारपीट हो गई। दहशत पैदा करने के लिए एक पक्ष के लोगों ने तीन राउंड फायरिंग की। बवाल में कुर्सियां और ठेले तक तोड़ दिए गए। जानकारी मिलने पर कोतवाली नगर पुलिस और पुलिस क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे। तब तक एक पक्ष के लोग फरार हो गए। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली में नामजद और अज्ञात पांच लोगों के विरुद्ध तहरीर दी है।
देखें Video - बहराइच जिला अस्पताल के सामने आधी रात हुई फायरिंग, दो पक्षों में बवाल के दौरान की तोड़फोड़ pic.twitter.com/pMEUC9smgo
— Amrit Vichar (@AmritVichar) April 8, 2023
कोतवाली देहात के मोहल्ला घसियारीपुरा निवासी कुशमेंद्र चौधरी पुत्र राम राज चौधरी ने कोतवाली में तहरीर देकर कहा है कि उसके मित्र प्रदीप मिश्रा पुत्र दिनेश मिश्रा की तबियत खराब थी। जिस पर कुशमेंद अपने मित्र वैभव पटेल पुत्र नीरज के साथ दवा लेने के लिए मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित मेडिकल स्टोर पर गया। मेडिकल स्टोर पर दवा लेने के बाद सभी जिला अस्पताल के सामने स्थित दुकान पर चाय पीने लगे। तभी किशन, सोनू, शीतल समेत अन्य लोग पहुंचे। सभी ने विवाद करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद पिस्टल से फायरिंग की। आसपास के लोगों का कहना है कि पिस्टल से तीन राउंड फायरिंग की गई। जिससे आधी रात में भगदड़ मच गई। होटल के पास मौजूद लोग फरार हो गए। बवाल की जानकारी लोगों ने पुलिस को दी।
चौकी इंचार्ज अस्पताल विनय मिश्रा, कोतवाल शैलेश कुमार सिंह और पुलिस क्षेत्राधिकारी राजीव सिसोदिया पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस को देखकर एक पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए। वहीं कुशेमंद्र ने कोतवाली नगर में तहरीर दी है। कोतवाल शैलेश कुमार सिंह ने बताया कि विवाद की जानकारी मिली थी। शायद वर्धस्व की लड़ाई है। सभी बिंदुओं पर जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जायेगा।
ये भी पढ़ें - समर सिंह को आज कोर्ट में पेश करेगी वाराणसी पुलिस, अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत मामले में हुई है गिरफ्तारी
