प्रयागराज में स्वामी प्रसाद मौर्य का UP सरकार पर बड़ा हमला, कहा -डबल कहर बरपा रही है योगी सरकार
प्रयागराज, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता स्वामी प्रसाद मौर्या शनिवार को सर्किट हाउस पहुंचे। जहां उन्होंने पत्रकारों से कहा कि प्रदेश की डबल इंजन वाली योगी सरकार किसानों पर डबल कहर बरपा रही है। उन्होंने निकाय चुनाव के परिणाम पर कहा कि चुनाव परिणाम सपा के पक्ष में ही आएगा। देश और प्रदेश की सरकारों की महंगाई, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था को लेकर विफलताएं सामने आई हैं। केन्द्र व प्रदेश सरकार ने आरक्षण खत्म करने का अपराध किया है। इसके साथ ही जीएसटी के माध्यम से सरकार व्यापारियों का भी शोषण कर रही है। एक ओर महंगाई है तो वहीं दूसरी और छुट्टा जानवर फसल बर्बाद कर रहे हैं। आज हर वर्ग बीजेपी की सरकार से परेशान है।
उन्होंने कहा कि स्वाभाविक रूप से निकाय चुनाव में समाजवादी पार्टी को देश की जनता का भारी जन समर्थन मिलेगा और इसका खामियाजा बीजेपी को उठाना पड़ेगा। केंद्रीय गृह मंत्री के आजमगढ़ और कौशांबी में जनसभाएं और दलित सम्मेलन के सवाल पर कहा है कि हर पार्टी को राजनीतिक तैयारी करने का अधिकार है। समाजवादी पार्टी भी जनसभाएं कर रही है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी लगातार दौरे कर रहे हैं।
उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि अगर अमित शाह जी भूले बिसरे यूपी में आ गए हैं तो उससे चिंतित होने की कोई बात नहीं है।
सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने अपने 1993 के नारे को दोहराए जाने पर कहा है कि जब-जब दलित और आदिवासी एकजुट हुआ है बीजेपी का सूपड़ा साफ हुआ है। उन्होंने कहा 2024 में बीजेपी के विदाई का चुनाव होगा।
वहीं उमेश पाल शूटआउट कांड में नामजद माफिया अतीक अहमद को सपा द्वारा पोषित किए जाने के आरोपों पर स्वामी प्रसाद मौर्या ने कहा है कि यह दुर्भाग्य है कि अभी तक आरोपियों को बीजेपी सरकार नहीं पकड़ पाई है। पुलिस और दूसरी एजेंसी हवा में तीर चला रही हैं। यह सरकार की असफलता है।
ये भी पढ़ें -हरदोई: पिता के कड़े संघर्ष ने विशाल को बनाया डीएसपी, परिवार में छाई खुशी
