Nepal China: नेपाल-चीन के अधिकारियों ने की बैठक, व्यापार को बढ़ावा देने जैसे कई मुद्दों पर की चर्चा
काठमांडू। नेपाल और चीन के अधिकारियों ने मौजूदा द्विपक्षीय संबंधों और सहयोग पर चर्चा करने के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की। दोनों पक्षों ने व्यापार को बढ़ावा देने, निवेश और ‘कनेक्टिविटी’ जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने तथा मजबूत करने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया। नेपाल और चीन के विदेश मंत्रालयों के बीच द्विपक्षीय राजनयिक “परामर्श तंत्र” की 15वीं बैठक शुक्रवार को बीजिंग में हुई।
नेपाल के विदेश मंत्रालय द्वारा यहां जारी एक बयान के अनुसार दोनों पक्षों ने मौजूदा द्विपक्षीय संबंधों और सहयोग पर चर्चा की और आर्थिक सहयोग, व्यापार को बढ़ावा देने, निवेश और पर्यटन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी को आगे बढ़ाने और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
बयान के अनुसार, बैठक में विभिन्न बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की गई और परियोजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी लाने पर सहमति व्यक्त की गई ताकि उन्हें समय पर पूरा किया जा सके। बयान के अनुसार उच्च स्तरीय बैठक के दौरान नेपाल के विदेश सचिव भरत राज पौडयाल और चीन के विदेश मामलों के उप मंत्री सन वेइदॉन्ग ने अपने-अपने प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया।
ये भी पढ़ें:- महाराज चार्ल्स के राज्याभिषेक में शामिल होंगी भारतवंशी शेफ, बकिंघम पैलेस के समारोह का मिला निमंत्रण
