बहराइच में बोले ओपी राजभर- भाजपा में मलाई काटने के बाद अखिलेश शरण में पहुंचे स्वामी प्रसाद मौर्या
बहराइच, अमृत विचार। जिले के अंबेडकर परिवर्तन पार्क मझाव कालोनी में शनिवार को सुभसपा की ओर से जनसभा का आयोजन हुआ। जन सभा में सुभसपा के मुखिया ने सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य पर जमकर हमला बोला। ओम प्रकाश राजभर ने स्वामी प्रसाद को संविधान विरोधी कहा। जिले के बलहा विधान सभा क्षेत्र के ग्राम मझाव में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की ओर से शनिवार को जनसभा का आयोजन हुआ। जनसभा के मुख्य अतिथि सुभसपा के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर रहे।
संबोधित करने पहुंचे ओमप्रकाश राजभर ने सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्या पर करारा हमला किया। राजभर ने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य जैसे लोग सत्ता के लोभी लोग हैं। इन्हें केवल सत्ता चाहिए...ये संविधान विरोधी हैं। 5 साल भारतीय जनता पार्टी में मलाई काटने के बाद अब अखिलेश की शरण में पहुंच गए हैं। साथ ही चर्चाओं में बने रहने के लिए अनर्गल बयान दे रहे हैं जो ऐसे संविधान विरोधी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

आरक्षण के मुद्दे पर बोलते हुए बताया कि नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव के पास और कोई काम नहीं है। सुप्रीम कोर्ट ने कह दिया की आरक्षण की सूची वेबसाइट पर अपलोड की जाए। ऐसे में अखिलेश को सूची को देखकर मुख्यमंत्री को आइना दिखाना चाहिए। लेकिन अखिलेश इन सब कामों से कोई मतलब नहीं है। जिससे साफ़ है कि सुविधानुसार मुद्दे उठाते है।
ओम प्रकाश राजभर ने लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर बताया कि तीसरे मोर्चे की सरकार बनने की तैयारी है और इस दिशा में लगातार सभी मिलकर काम भी कर रहें हैं। हालांकि अभी इस बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।
यह भी पढ़ें:-मुख्यमंत्री ने व्यापारियों से किया अपना वादा निभाया : वेद गुप्ता
