फर्जी पासपोर्ट प्रकरण : महफूज खान की तलाश में पुलिस की छापेमारी, छह करीबियों को उठाया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

महफूज के छह करीबियों से पूछताछ जारी, महफूज के संभावित ठिकानों पर दबिश डाल रही पुलिस 

मुरादाबाद,अमृत विचार। गैंगस्टर दीपक बाक्सर का पासपोर्ट बनाने वाला महफूज खान अब तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया है। मुरादाबाद और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल उसकी तलाश कर रही है। पुलिस ने अगवानपुर से उसके छह करीबियों को उठाया है। सभी से पूछताछ की जा रही है। जबकि महफूज के पांच साथी अगवानपुर से गायब हैं। जिनके बारे में पुलिस जानकारियां जुटाकर संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

हरियाणा के जनपद सोनीपत के धूमर निवासी दीपक बाक्सर ने 19 दिसंबर 2022 में खुद को रवि अंतिल निवासी गांव गोपालपुर नत्थानंगला उर्फ कोकरपुर थाना छजलैट जनपद मुरादाबाद निवासी बताते हुए पासपोर्ट बनवा लिया था। इस पासपोर्ट के जरिए ही दीपक बाक्सर कोलकाता के रास्ते मैक्सिको भागा था। लेकिन, दिल्ली के बिल्डर अमित गुप्ता की हत्या मामले में उसका नाम आने पर उसे मैक्सिको से गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी दीपक बाक्सर ने अगवानपुर निवासी महफूज खान की मदद से पासपोर्ट बनवाया था।  इस मामले में दीपक के खिलाफ छजलैट थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच में यह बात भी सामने आई थी कि पासपोर्ट के लिए सत्यापन रिपोर्ट छजलैट थाने के सिपाही अजीत सिंह निवासी हसुपुरा थाना गढ़मुक्तेश्वर ने लगा दी थी। 

एसएसपी के आदेश पर आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया। जिसे बाद में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जिसके बाद पुलिस पासपोर्ट बनाने वाले आरोपी महफूज की तलाश कर रही है। लेकिन, महफूज अब तक फरार है। पुलिस ने अगवानपुर में ऐसे सभी लोगों को चिह्नित कर लिया है तो महफूज के नजदीक थे। उसके एक भाई, भांजे और एक दोस्त समेत छह लोगों को पुलिस ने उठा लिया है। पुलिस को शक है कि गैंगस्टर का पासपोर्ट बनवाने में इनमें से कुछ लोगों का सहयोग रहा है। इसके अलावा पुलिस के डर से महफूज के कुछ करीबियों ने अपने ठिकाने बदल दिए हैं। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण संदीप कुमार मीना ने बताया कि कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। महफूज की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें :  UPPSC Success Story : 'डिप्टी एसपी मेरी मंजिल नहीं है, मुझे तो अभी और आगे जाना है'

संबंधित समाचार