अयोध्या: आखिर जारी हुई जिले के 3554 शिक्षकों की वरिष्ठता सूची, अब प्रमोशन व ट्रांसफर का इंतजार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। आखिरकार रविवार को जिले के 11 ब्लॉकों के जूनियर बेसिक विद्यालयों में कार्यरत 3554 शिक्षकों की वरिष्ठता सूची जारी हो गई। इसमें मात्र दो शिक्षक नगर क्षेत्र के बेसिक विद्यालयों में कार्यरत हैं। जबकि 3552 ग्रामीण क्षेत्र के हैं।  

करीब 70 पेज की सूची में दिख रही विसंगतियों पर शिक्षक 11 अप्रैल तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद शासन द्वारा निर्धारित संशोधित समय सारणी के अनुसार अंतिम सूची का प्रकाशन किया जायेगा और शिक्षकों के प्रमोशन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

बता दें कि शासन से प्रमोशन और ट्रांसफर की समय सारणी कई बार संशोधित की जा चुकी है। अभी तक शिक्षकों को ट्रांसफर और प्रमोशन का लाभ नहीं मिल सका है। सूची जारी होने के बाद शिक्षकों को उम्मीद बंधी है कि जल्द ही विसंगतियों को आपत्ति लेकर दूर करते हुए जारी समय सारिणी के अनुसार प्रमोशन हो सकेगा।

ट्रांसफर के लिए करनी होगी अभी और प्रतीक्षा 
ट्रांसफर की राह देख रहे शिक्षकों को अभी इंतजार ही करना पड़ रहा है। ग्रीष्मावकाश तक आपसी स्थानांतरण का आदेश जारी है लेकिन सीधे स्थानांतरण की कोई योजना अभी तक नहीं आई है। 

सचिव बेसिक शिक्षा परिषद प्रताप सिंह बघेल द्वारा सभी बीएसए को भेजे गए निर्देश के अनुसार मानव संपदा पोर्टल पर शिक्षकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही व दंड का विवरण 15 फरवरी तक देना था। अंतिम वरिष्ठता सूची राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र द्वारा विकसित पोर्टल पर 20 फरवरी तक प्रकाशित करनी थी। शिक्षकों की आपत्ति 21 से 27 फरवरी तक ली जानी थी लेकिन बार-बार ट्रांसफर नीति में संशोधन के कारण शिक्षकों को इंतजार करना पड़ रहा है। 

ट्रांसफर की नई समय सारिणी
1- 28 अप्रैल को एनआईसी पोर्टल शुरू करेगा
2- 1 से 8 मई तक शिक्षक मानव संपदा पोर्टल पर विवरण में कमी होने पर आपत्ति दर्ज कराएंगे
3- 16 मई तक बीएसए आपत्तियों का निस्तारण कराएंगे
4- 22 मई तक सरप्लस शिक्षक व कम शिक्षक वाले विद्यालयों की सूची ऑनलाइन जारी की जाएगी
5- 23 से 29 मई से शिक्षक स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन विद्यालय का विकल्प भरेंगे
6- 30 मई से 7 जून तक बीएसए द्वारा काउंसिलिंग के बाद सत्यापित आवेदन पत्रों के आधार पर डेटा लॉक करेंगे
7- 8 से 14 जून तक साफ्टवेयर के माध्यम से स्थानांतरण की कार्यवाही की जाएगी
8- 15 से 22 जून तक साफ्टवेयर के माध्यम से समायोजन की कार्यवाही की जाएगी
9- 27 जून तक शिक्षक कार्यमुक्त होंगे और कार्यभार ग्रहण करेंगे

वरिष्ठता सूची जारी हो गई है, समय से आपत्ति का निस्तारण होगा। ट्रांसफर के लिए नई समय सारिणी भी जारी हो गई है...संतोष कुमार राय, बेसिक शिक्षा अधिकारी, अयोध्या।

संबंधित समाचार