पीलीभीत: जमीन पर पड़ा मिला विवाहिता का शव, गर्दन पर बने थे निशान और मच गया कोहराम..जानिए पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Published By Moazzam Beg
On

पीलीभीत, अमृत विचार। तराई की एक और बिटिया शादी के महज डेढ़ साल बाद ही दहेज की भेंट चढ़ गई। कई दिन बाद भी मांग पूरी न हुई तो आरोप है कि ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद ससुराल वाले शव जमीन पर छोड़कर भाग गए।  मायके वालों की सूचना पर पहुंची जहानाबाद पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी की। भाई की तहरीर पर पति समेत पांच पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।  फिलहाल पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम आसपुर के रहने वाले नरेश ने बताया कि उसकी बहन उषा देवी (25) पुत्री मोहनलाल की शादी करीब डेढ़ साल पहले सुस्वार गांव निवासी मुकेश कुमार पुत्र रामचरण लाल से हुई थी। मायके वालों ने सामर्थ्य के अनुसार दान दहेज दिया था। मगर ससुराल वाले उससे संतुष्ट नहीं थे। दहेज में दो लाख रुपये की मांग की जा रही थी। इसे पूरा करने में असमर्थता जताई गई। इसके बाद से ससुराल वाले मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। कई बार इसे लेकर सुलह कराने का भी प्रयास किया गया, लेकिन उत्पीड़न बढ़ता ही गया। आरोप है कि सात अप्रैल को ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर आक्रोशित होकर पहले विवाहिता की पिटाई की। 

रविवार सुबह करीब पांच बजे सूचना मिली कि ससुराल वालों ने बेटी की हत्या कर दी है। मायके वाले ससुराल पहुंचे तो वहां पर शव जमीन पर पड़ा मिला। ससुराल वाले फरार हो चुके थे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सीओ सदर प्रतीक दहिया, जहानाबाद इंस्पेक्टर अशोक पाल पुलिस बल के साथ पहुंचे और जानकारी जुटाई। भाई ने दहेज की खातिर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। जिसके आधार पर पुलिस ने पति मुकेश कुमार, ससुर रामचरण लाल समेत पांच के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज पुलिस छानबीन में जुट गई है। यह भी आशंका जताई कि विवाहिता की फंदा लगाकर हत्या की गई है।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। पति समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।- अशोक पाल, इंस्पेक्टर जहानाबाद

ये भी पढे़ं- पीलीभीत: आरपीएफ पोस्ट के पास से उठी आग की लपटें तो बुझाने दौड़े कर्मी, देखें वीडियो

 

संबंधित समाचार