Unnao Suicide : जिंदगी से ऊबकर युवती समेत चार ने फंदा लगाकर चुनी मौत की राह, परिजनों में मची चीख-पुकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में युवती समेत चार ने फंदा लगाकर जान दी।

उन्नाव में जिंदगी से परेशान होकर युवती समेत चार ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।

उन्नाव, अमृत विचार। जिले के अलग अलग थाना क्षेत्रों में युवती समेत चार लोगों के शव संदिग्ध हालातों में फंदे से लटके पाए गए। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं अपनों की अचानक हुई मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। घटनाएं गंगाघाट, बेहटा मुजावर व अजगैन कोतवाली क्षेत्र की है। 

केस एक :
गंजमुरादाबाद संवाददाता के अनुसार, बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के लुकईखेड़ा निवासी कल्लू की 20 वर्षीय बेटी निहारिका शनिवार को देर रात खाना खाकर कमरे में सोने चली गई। सुबह उसके कमरे से बाहर न आने पर जब परिजनों देखा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज देने पर जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो दरवाजा तोड़ा गया। जहां निहारिका का शव दुपट्टे के फंदे से लटका देख घर वालों के होश उड़ गए। मृतका ने इंटर पास करने के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। उसकी मौत पर मां सुनीता देवी, बहन पूनम, भाइयों शोभित और नितेश समेत अन्य परिजन बेहाल है। एसओ रमेश चंद्र साहनी ने बताया कि पिता की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

केस दो : 
नवाबगंज संवाददाता के अनुसार, अजगैन कोतवाली भाड़ी गांव निवासी मूलचंद सविता बीती रात परिवार के साथ गांव के मंदिर में चल रही भागवत सुनने गया था। इस दौरान घर में उनका बेटा प्रियांशु (21) ही घर में अकेला था। जब घर वाले भागवत से वापस लौटे तो उन्हें दरवाजे खुले मिले। अंदर जाने पर प्रियांशु का शव कमरे में पंखे से बंधे रस्सी के फंदे से लटक मिला। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। ग्रामीणों में चर्चा है कि प्रियांशु किसी गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग चलता था। प्रियांशु ने इसी साल इंटर की परीक्षा दी थी।

केस तीन :  
नवाबगंज संवाददाता के अनुसार, अजगैन कोतवाली क्षेत्र के जालिम खेड़ा गांव निवासी राजकुमार उर्फ ललई (35) पुत्र स्व. मुरली रविवार की सुबह अपनी पत्नी कुसुमा देवी के साथ गांव के बाहर स्थित खेत मे गेहूं काटने गया था। काफी देर काम करने के बाद उसकी पत्नी को प्यास लगी तो उसने पानी लाने के लिये कहा। राजकुमार पानी लेने के लिये घर आया। काफी देर तक उसके वापस न लौटने पर जब पत्नी घर पहुंची तो अंदर कोठरी में राजकुमार का शव फंदे पर लटका देख उसकी चीख निकल गयी। शोर सुनकर वहां मोहल्ले वालों की भीड़ जमा हो गयी। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी राजेश ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस के मुताबिक परिजन मौत का कारण नहीं बता सके हैं।

केस चार :
शुक्लागंज संवाददाता के अनुसार, गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के कंचन नगर निवासी निवासी गोविंद सविता (35) पुत्र स्व. किशनलाल सविता की वर्ष 2018 में लखनऊ निवासी आरती के साथ विवाह हुआ था। होली के त्योहार पर उसका पत्नी से मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। जिस पर पत्नी नाराज होकर अपने मायके चली गई जिसके बाद से वह परेशान चल रहा था। शनिवार रात खाना खाने के बाद गोविंद अपने कमरे में चला गया। सुबह उसकी मां रामदेवी ने शव फंदे पर लटका देखा तो उसकी चीख निकल गई। चीख पुकार सुन आस पास के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। बगल में रहने वाले बड़ा भाई संतोष पहुंचा और उसे दरवाजा तोड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और शव को पीएम के लिये भेजा है।

संबंधित समाचार