लखनऊ : मायावती ने कहा - बैलेट पेपर से कराएं नगर निगम चुनाव, अतीक अहमद के परिवार के किसी सदस्य को नहीं देंगे टिकट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। अब से कुछ देर पहले बहुजन समाज पार्टी अध्यक्ष मायावती ने राजधानी में एक प्रेस कांफ्रेंस की है। मायावती ने कहा कि नगर निकाय चुनावों का हमारी पार्टी स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी पूरे प्रदेश में मजबूती के साथ निकाय चुनावों में प्रतिभाग करेगी। उन्होंने कहा कि मेरी राज्य सरकार और उत्तर प्रदेश चुनाव आयोग से अपील है कि नगर पालिका चुनावों की तरह नगर निगम के चुनावों में भी बैलेट पेपर का इस्तेमाल ईवीएम की जगह किया जाए। उन्होंने सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर जमकर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि योगी सरकार प्रदेश में निकाय चुनावों में जोड़-तोड़ कर अपना स्वार्थ सिद्ध करने में लगी है। भाजपा के लोग आम वोटरों खासकर दलित मतदाताओं को प्रलोभन देकर अपने पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित कर रहे हैं, ऐसे में मतदाताओं को सावधान रहने की जरूरत है। 

मायावती ने कहा कि प्रदेश में निकाय चुनावों के लिए किये गए आरक्षण से एससी, एसटी, ओबीसी और महिलाएं संतुष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाजवादी पार्टी की भांति ही काम कर रही है। पूरे प्रदेश में पसमांदा समाज के मुस्लिमों का मुद्दा भाजपा द्वारा उठाया गया है, जो उनके राजनीतिक स्वार्थ को दर्शाता है। जबकि बसपा सरकार के प्रदेश में चार बार के शासन में दलितों और वंचितों के लिए कानून द्वारा कानून का राज स्थापित किया गया। मायावती ने कहा कि भाजपा निकाय चुनाव में गड़बड़ी कर आगामी लोकसभा चुनावों में सत्ता पाने की दिशा में काम कर रही है। भाजपा के लोग वोटरों को डरा-धमकाकर अपने पक्ष में करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग से प्रदेश में फेयर इलेक्शन कराने की अपील की है। साथ ही मायावती ने कहा कि एक अच्छे निकाय और निगम में लोगों की जरूरतों का ख़याल रखने में बहुजन समाज पार्टी विश्वास रखती है। उन्होंने वोटरों से अपील की है कि वो बसपा के प्रत्याशियों को चुनें, जिससे समाज के सभी वर्गों को सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। मायावती ने कहा कि पसमांदा समाज के मुस्लिम पहले मुस्लिम हैं और इस बात को सभी स्वीकार कर रहे हैं। भाजपा और आरएसएस अपने निजी स्वार्थ के लिए ऐसे मुद्दों को हवा दे रही है। 

अतीक के परिवार को नहीं मिलेगा टिकट 
मायावती ने प्रयागराज के उमेश पाल हत्याकांड में शामिल अतीक अहमद के परिवार पर बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी कानून का सम्मान करती है। अतीक की पत्नी को पूर्व में टिकट देने की बात कही जा रही थी लेकिन कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बसपा अपना प्रत्याशी नहीं बनाएगी।

ये भी पढ़ें -National Climate Conclave 2023: सीएम योगी ने बताया पर्यावरण का महत्त्व, बोले- वृक्ष हैं विरासत, इन्हें बचाने का करें प्रयास

संबंधित समाचार