रुद्रपुर: जनपद के पर्यटक रूटों का हो सौंदर्यीकरण - डीएम
रुद्रपुर, अमृत विचार। जिलाधिकारी युगल किशोर पंत ने कहा कि कुमाऊं मंडल में भ्रमण के लिए आने वाले पर्यटकों के लिए ऊधमसिंह नगर जनपद की सड़कें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसके लिए सड़कों का सौंदर्यीकरण होना बहुत जरूरी है। उन्होंने शहर की साफ-सफाई के साथ ही सड़कों का सौंदर्यीकरण और गड्ढा मुक्त करने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिये।
जिलाधिकारी ने कैंप कार्यालय में सोमवार को पर्यटन सीजन को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि कुमाऊं में भ्रमण पर आने बाहरी राज्यों के पर्यटक जनपद की सड़कों से होकर गुजरते हैं। पर्यटक अपने साथ बेहद सुखद और सुंदर यादें लेकर जाए इसके लिए जनपद में पर्यटकों के आवागमन वाली सड़कों का सौंदर्यीकरण करना बहुत जरूरी है। इसके अलावा सड़कें गड्ढा मुक्त होनी चाहिए।
उन्होंने शहर में झूलते हुए तारों को भी ठीक करने के निर्देश यूपीसीएल के अधिकारियों को दिये। साथ ही कहा कि विभिन्न स्थानों पर कला, संस्कृति, पर्यावरण एवं जन-जागरूकता संबंधी वॉल पेंटिंग आदि की संभावनाएं भी तलाश की जाये। इसके अलावा सड़कों के दोनों ओर सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए। इस अवसर पर जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष हरीश कांडपाल, एनएचएआई मैनेजर अक्षत बिश्नोई, सहायक मैनेजर मीनू के साथ ही विद्युत, लोनिवि, जल संस्थान सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
