Up Nikay Chunav 2023: नामांकन की वीडियोग्राफी कराएगा अयोध्या प्रशासन, वोटिंग के दिन होंगे कड़े सुरक्षा इंतजाम 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रशासन के लिए चुनौती होगी निष्पक्ष और निर्भीक चुनावी प्रक्रिया 

अमृत विचार, अयोध्या। इस बार नगरीय निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व निर्भीक ढंग से कराना जिला प्रशासन के लिए किसी चुनौती से कम नहीं होगा। निगम क्षेत्र में ईवीएम पर चुनाव होना है। चुनाव के दौरान तकरीबन 300 से भी अधिक ईवीएम का उपयोग किया जाएगा। सबसे बड़ी चुनौती जिले की सभी छह नगर पंचायतों में बैलेट से मतदान कराना होगा। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से सभी तैयारी के दावे किए गए हैं। 
   
पहली बार है कि नगर निगम की सीमा विस्तार हुआ है और 41 गांवों को सभी वार्डों में विभाजित किया गया है। वहीं नगर पंचायत कामाख्या धाम, खिरौनी सुच्चितागंज और कुमारगंज नई नगर पंचायतों के रूप में सृजित हुई है। ऐसे में वर्ष 2017 में हुए नगरीय निकाय चुनाव से इस बार चुनाव का परिक्षेत्र काफी बढ़ गया है, जिसके लिए न केवल अतिरिक्त संसाधनों को बढ़ाया जाना है वहीं मतदाता संख्या में बढ़ोतरी हुई है। नई नगर पंचायतों के रूप में गठित हुईं तीनों में अभी तक मतदान नगरीय निकाय चुनावी प्रक्रिया से पहली बार रूबरू होगा। ऐसे में सुचारू रूप से मतदान और गड़बड़ी को रोकना भी किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है। बता दें कि जनपद में द्वितीय चरण में 11 मई को वोट डाले जाएंगे।  करीब पांच लाख मतदाता नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान करेगें। जनपद में एक नगर निगम, एक नगर पालिका और छह नगर पंचायतों में चुनाव होने जा रहे हैं। नगर निगम का यह दूसरा चुनाव होगा। जनपद में कुल चार लाख 93 हजार 82 मतदाता हैं। इनमें दो लाख 57 हजार 636 पुरूष व दो लाख 35 हजार 446 महिला मतदाता शामिल हैं। जिले में नगर निगम, नगर पालिका व छह नगम पंचायतों में कुल 169 वार्ड और 169 मतदान केन्द्र हैं। जबकि 467 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। नगर निगम के 60 वार्डों में चुनाव होगा। निगम क्षेत्र में 91 मतदान केन्द्र और 279 मतदेय स्थल बनाये गए हैं। नगर निगम का चुनाव ईवीएम से होगा। नगर पालिका परिषद रुदौली और छह नगर पंचायतों में बैलेट पेपर से मतदान होगा।

कोट -
नगर निकाय चुनाव को लेकर पूरी तैयारी है। जोनल-सेक्टर मजिस्ट्रेट और कार्मिक पर्याप्त संख्या में हैं। एसडीएम और सेक्टर मजिस्ट्रेट लगातार बूथों का भौतिक सत्यापन कर रहे हैं। चुनाव पूरी तरह से निष्पक्ष और निर्भीक ढंग से होगा। नामांकन की वीडियोग्राफी भी होगी। मतदान दिवस पर आसपास के जिलों से भी सुरक्षा बल आयेगा। 
- अमित सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन व उप जिला निर्वाचन अधिकारी, अयोध्या

ये भी पढ़ें - अयोध्या: बिना नम्बर और ई-मेल के जारी कर दी हेल्पलाइन, पढ़िए क्या है मामला

संबंधित समाचार