Auraiya : प्रधान की पत्नी के हाथ-पैर बांधकर की लूटपाट, घर में अकेली थी महिला, पुलिस बोली- जल्द होगा खुलासा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

औरैया में प्रधान की पत्नी के हाथ-पैर बांधकर लूटपाट।

औरैया में बदमाशों ने प्रधान की पत्नी के हाथ-पैर बांधकर लूटपाट की। बदमाश 50 हजार रुपये व जेवरात लूटकर भाग निकले। एसपी व एएसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।

औरैया, अमृत विचार। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर तुमरिहा प्रधान के घर में कुछ बदमाश घुस आए। बदमाशों ने घर के बरामदे में सो रही प्रधान की पत्नी के हाथ-पैर बांध दिये और कमरे के बक्शे में रखे 50 हजार रुपये नगद व जेवरात लूट लिए। घटना के समय प्रधान अटसू क्षेत्र में चल रही कथा में शामिल होने गए थे। वापस आने पर उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। एसपी व एएसपी ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शक के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।

अजीतमल कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत शहबाजपुर के समरथ सिंह वर्तमान में प्रधान हैं। वह शाहपुर तुम्हारिहा गांव में रहते हैं। सोमवार की रात प्रधान अपने साथियों के साथ क्षेत्र के गांव बिरुहनी में बौद्ध कथा सुनने गये थे। घर पर उनकी पत्नी कमला देवी अकेली थी। कमला देवी घर के आंगन में सो रही थी। रात लगभग एक बजे दो लोग उनके घर में घुस आए।

खटपट की आवाज सुनकर वह जाग गईं। जिस पर बदमाशों ने उनके हाथ-पैर बांध दिए और कमरे में रखे बक्से से 50 हजार रुपये और सोने चांदी के जेवरात ले गये। कमला देवी ने किसी तरह दुपट्टे से बंधा अपना मुंह खोला और चीखने लगी। उनके चीखने की आवाज पड़ोसी ने सुनी तो प्रधान को फोन कर सूचना दी। घटना की जानकारी होने पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई।

सूचना पर पहुंचे सीओ भरत पासवान और कोतवाली निरीक्षक शशिभूषण ने जानकारी ली। उधर, जानकारी मिलते ही एसपी चारू निगम व एएसपी दिगबंर सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी चारू निगम ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

संबंधित समाचार