Kanpur: SP MLA Irfan Solanki की पेशी लटकी, SP ने लिखा पत्र, नामांकन के बाद की मांगी गई तारीख, यह रखी मांग
महाराजगंज जेल में बंद सपा विधायक इरफान सोलंकी की पेशी लटकी।
कानपुर में सीसामऊ से सपा विधायक इरफान सोलंकी की पेशी लटकी। इस पर एसपी ने पत्र लिखा। नामांकन के बाद तारीख मांगी गई।
कानपुर, अमृत विचार। सीसामऊ से सपा विधायक Irfan Solanki को बुधवार की दी गई तारीख को कोर्ट में पेश नहीं किया जा सकेगा। महराजगंज पुलिस अधीक्षक ने कोर्ट को लेटर लिखकर गुहार लगाई है कि निकाय चुनाव के चलते पेशी पर लाना संभव नहीं है। सुरक्षा बल को निकाय चुनाव के नामांकन ड्यूटी में लगाया गया है, ऐसे में पेशी के लिए अगली तारीख मांगी गई है।
विधायक इरफान सोलंकी के वकील गौरव दीक्षित ने बताया कि पुलिस ने कोर्ट को अवगत कराया है कि पेशी पर लाने में असमर्थ हैं। पुलिस अधीक्षक के अनुसार महराजगंज में 11 से 21 अप्रैल तक नामांकन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस ने नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद की कोई तारीख देने के लिए अर्जी दी है।
कोर्ट ने हाजिर होने के दिए थे आदेश
कानपुर कोर्ट में वकीलों की हड़ताल के चलते न्यायिक कार्य पूरी तरह से बाधित हैं। विधायक इरफान सोलंकी के वकील ने बताया कि कोर्ट ने इरफान सोलंकी की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेशी के आदेश को निरस्त कर दिया और 12 अप्रैल को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में हाजिर होने के आदेश दिए थे। कानपुर जिला कारागार जेल में बंद रिजवान सोलंकी, मोहम्मद शरीफ, शौकत अली पहलवान व इसराइल आटे वाला कोर्ट में पेश हुए थे। गवाह कनीज भी कोर्ट पहुंची थी। इरफान सोलंकी की जमानत याचिका पर एक बार फिर सुनवाई लटक गई है। थाना जाजमऊ में दर्ज रंगदारी मामले में विधायक की तरफ से जमानत अर्जी दी गई थी। लेकिन हड़ताल के चलते अधिवक्ता कोर्ट नहीं पहुंचे, इस पर कोर्ट ने 15 अप्रैल को सुनवाई के लिए अगली तारीख दे दी थी।
विधायक ने खुद लगाई थी ऑनलाइन पेशी की गुहार
विधायक इरफान सोलंकी महराजगंज जेल में बंद है। मुकदमों में लगातार पेशी के चलते हर दूसरे या तीसरे दिन पेशी पर आना पड़ रहा था। बीमारी के चलते लंबे सफर से विधायक बहुत परेशान हो गए थे। इसलिए कोर्ट में खुद अर्जी दी थी कि ऑनलाइन पेशी की जाए। उन्होंने पेशी के दौरान कहा था लंबे सफर के चलते सो तक नहीं पाते हैं।
