अयोध्या: बेटा ही निकला पिता का हत्यारा
रूदौली-अयोध्या, अमृत विचार। मवई पुलिस ने माता फेर हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। माता फेर की हत्या उसके ही इकलौते पुत्र नकछेद ने खेत और घर बेटी संगीता के नाम करने से नाराज होकर की थी। मवई थाना क्षेत्र के ग्राम शेरपुर के माता फेर रावत गांव से एक किलोमीटर दूर दक्षिण दिशा में …
रूदौली-अयोध्या, अमृत विचार। मवई पुलिस ने माता फेर हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। माता फेर की हत्या उसके ही इकलौते पुत्र नकछेद ने खेत और घर बेटी संगीता के नाम करने से नाराज होकर की थी। मवई थाना क्षेत्र के ग्राम शेरपुर के माता फेर रावत गांव से एक किलोमीटर दूर दक्षिण दिशा में स्थित अपने खेत मे लगे धान की फसल को छुट्टा जानवरों से बचाने के लिये मचान बनाकर रात में रखवाली करते थे।
सोमवार को प्रातः माता फेर की लड़की संगीता जब धान की नराई के लिये खेत गयी तो देखा उसके पिता मचान पर खून से लथपथ पड़े थे। हल्की हल्की सांसे चल रही थीं और कुछ ही देर बाद माता फेर ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शैलेन्द्र कुमार सिंह,सहायक पुलिस अधीक्षक निपुण अग्रवाल तथा प्रभारी निरीक्षक मवई राम किशन राना तत्काल मौके पर पहुंच कर घटना के बारे में जानकारी हासिल की।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने घटना का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश प्रभारी निरीक्षक को दिये। प्रभारी निरीक्षक ने घटना का खुलासा करने के लिये छानबीन शुरू कर दी। जांच में पुलिस को उसके लड़के के ऊपर सन्देह हुआ और उसकी तलाश शुरू कर दी। गुरुवार को प्रभारी निरीक्षक को सूचना मिली कि नकछेद मवई चौराहा पर स्थित बैंक ऑफ इंडिया के सामने खड़ा कहीं जाने के लिये किसी वाहन की तलाश में है। इस पर प्रभारी निरीक्षक मवई ने सिपाही नरेंद्र प्रताप यादव, सतीश कुमार,अभिषेक कुमार गौतम तथा महिला सिपाही कामिनी गुप्ता के साथ मौके पर पहुंच कर गिरफ्तार कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक राम किशन राना ने बताया कि पूछताक्ष में नकछेद ने अपने पिता माताफेर की हत्या की बात स्वीकार की। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि माताफेर ने खेत और मकान अपनी लड़की संगीता के नाम लिख दिया था। जब नकछेद को इस बात की जानकारी हुई तो वह अपने पिता से नाराज हो गया। सोमवार को प्रातः नकछेद मचान पर लेटे अपने पिता पर डण्डा से हमला कर दिया जिनकी कुछ देर बात मौके पर ही मृत्यु हो गयी।
हत्या में प्रयुक्त आला कत्ल डंडा भी बरामद हुआ। प्रभारी निरीक्षक राम किशन राना ने बताया कि नकछेद को धारा 302 के तहत जेल भेज दिया गया। चार दिन के अंदर अल्प समय में घटना का खुलासा कर गिरफ्तारी करने पर क्षेत्र में प्रभारी निरीक्षक तथा मवई पुलिस की प्रशंसा हो रही है।
