फर्रुखाबाद: विवाद के चलते लाठी-डंडों से पीटकर वृद्ध को मार डालने का आरोप
अमृत विचार, फर्रुखाबाद। खेत में पानी लगाने के रुपये मांगने पर हुए विवाद में पड़ोसी गांव के युवक ने लाठीडंडों से पीट कर नलकूप मालिक वृद्ध को मौत के घाट उतार दिया। खेत पर गए पौत्र को बाबा का शव पड़ा मिला। उसने परिजनों और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव वसंतापुर निवासी दशरथ राजपूत (70) का खेत में नलकूप लगा है। बुधवार रात आठ बजे दशरथ खेत लगे नलकूप को चलाने गए थे। वहीं गांव सलेमपुर निवासी ग्रामीण मिल गया। उसने अपने खेत में पानी लगाया था, लेकिन दशरथ को उसका पानी लगवाई रुपये नहीं दिए थे। ग्रामीण को देखकर दशरथ ने खेत में पानी लगाने के रुपये मांगे, इसको लेकर सलेमपुर निवासी ग्रामीण का दशरथ से विवाद होने लगा। गुस्साएं ग्रामीण ने लाठीडंडों से दशरथ की पिटाई कर दी। इससे दशरथ घायल होकर वहीं गिर गए और उनकी मौत हो गई। ग्रामीण वहां से भाग गया। रात दस बजे बाबा को बुलाने पौत्र सुमित खेत पर गया तो वहां बाबा का शव पड़ा मिला। वह दौड़कर घर गया और घटना की जानकारी दी। दशरथ राजपूत की मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। सुमित ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। थानाध्यक्ष जेपी शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल कर शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष जेपी शर्मा ने बताया कि अभी तक परिजनों ने घटना की तहरीर नहीं दी है।
ये भी पढ़ें -Breaking News - अतीक के बेटे असद का झांसी में हुआ एनकाउंटर, शूटर गुलाम भी ढेर
