सुलतानपुर: आग ने मचाई तबाही, 100 बीघा गेहूं की फसल जली, घंटों बाद पहुंची फायर बिग्रेड की गाड़ी
पुलिस ने किया ग्रामीणों का सहयोग
धनपतगंज, सुलतानपुर। गर्मी बढ़ने के साथ चल रही हवाओं के चलते शार्ट सर्किट से आए दिन अग्निकांड की घटनाएं हो रही है। इसमें किसानों की कड़ी मेहनत से तैयार गेहूं की फसल जलकर राख हो रही है। गुरुवार की दोपहर नौगवा तीर गांव में खड़ी गेहूं की फसल में अज्ञात कारणों से आग लग गई। जिससे करीब एक सौ बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
धनपतगंज थाना क्षेत्र के नौगवातीर में अचानक आग लगने से ग्रामीण सकते में आ गए। इस अग्निकांड में नौगवा तीर निवासी शिवबख्श सिंह, राजबख्श सिंह, हरिबख्श सिंह, शरद कुमार सिंह, सुरेंद्र बहादुर सिंह, ओमप्रकाश सिंह, चंद्रदेव सिंह, माता प्रसाद सिंह, रामबली सिंह, शैलेंद्र सिंह सहित कई किसानों की गेहूं की पूरी फसल जलकर राख हो गई।
जिसमें ग्रामीणों को भारी नुकसान हुआ और उनकी साल भर की गाढ़ी कमाई बर्बाद हो गई। आग की सूचना पाकर स्थानीय थाना धनपतगंज की पुलिस पीआरवी 112 के जवान तत्काल मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों की मदद करते दिखे। जिसमें उपनिरीक्षक प्रशांत शर्मा, सिपाही सुंदर सिंह, आजम खान, सुमित कुमार, विवेक कनौजिया तत्काल मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के साथ आग बुझाने में लगे रहे। जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी आती तब तक जान को जोखिम में डालकर सभी लोग आग पर काबू पा लिए थे।

दो भाईयों की पूरी फसल जली, भारी नुकसान
गुरुवार की दोपहर करीब ढाई बजे जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के पीढ़ी गांव निवासी छोटे लाल के खाली हुए खेत से आग की लपटे निकलने लगी तो गुहार लगाते हुए ग्रामीण खेत की तरफ आग बुझाने दौड़ पड़े। तेज हवा के चलते जब ग्रामीण अपने निजी संसाधनों से आग पर काबू पाते तब तक राम केवल, राम कृपाल की करीब पांच बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक हो चुकी थी।
बताते चलें कि दोनो भाई खेती के सहारे अपने परिवार का भरण पोषण करते थे, इनके पास मात्र इतना ही खेत था जिसकी फसल जलकर खाक हो गई है। फसल जल जाने की सूचना पर घर के महिलाओ व बच्चो का रो रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंचे हल्का लेखपाल राम करन यादव ने आग से नुकसान की जानकारी तहसीलदार को दी है।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: अंधाधुंध विकास के ‘पथ’ पर छांव कहां मिलेगा साहब!
