बरेली: निर्माणाधीन भवन में खामियों को लेकर पार्षदों-ठेकेदार में नोकझोंक
बरेली,अमृत विचार। नगर निगम परिसर में 19 करोड़ से बन रहे बहुमंजिला भवन में घटिया निर्माण सामग्री को लेकर कुछ पार्षदों ने मेयर के निरीक्षण के दौरान गुरुवार को मोर्चा खोल दिया। इसको लेकर नगर निगम में जमकर हंगामा हुआ और पार्षदों से ठेकेदार के बीच जमकर नोकझोंक हुई। पार्षद घटिया निर्माण का निरीक्षण कर …
बरेली,अमृत विचार। नगर निगम परिसर में 19 करोड़ से बन रहे बहुमंजिला भवन में घटिया निर्माण सामग्री को लेकर कुछ पार्षदों ने मेयर के निरीक्षण के दौरान गुरुवार को मोर्चा खोल दिया। इसको लेकर नगर निगम में जमकर हंगामा हुआ और पार्षदों से ठेकेदार के बीच जमकर नोकझोंक हुई। पार्षद घटिया निर्माण का निरीक्षण कर जांच करने की मांग करने लगे। मेयर ने पार्षदों की बात मान कर निरीक्षण किया तो निर्माणाधीन भवन में खामिया उजागर हो गईं। मेयर ने इंजीनियरों को काम की गुणवत्ता में सुधार करने की हिदायत देते हुए बिना उनके अनुमति कोई भुगतान न करने की चेतवानी दी है।
दोपहर को मेयर के साथ कार्यकारिणी के सदस्य व उपसभापति छंगामल मौर्य निर्माणधीन बिल्डिंग का निरीक्षण करने पहुंचे। बिल्डिंग निर्माण में तमाम तरह की खामियां मेयर ने गिनाई। तभी उपसभापति छंगामल मौर्य, पार्षद मुनेंद्र कुमार, रईस अब्बासी, मुकेश सिंघल, आरिफ कुरैशी आदि ने तमाम खामियों के साथ निर्माण में पीली ईंट का मुद्दा उठा दिया। पार्षद मुनेंद्र ने ईंट उठाकर मेयर को दिखाई तो ठेकेदार के साथ नोकझोंक हो गई। मेयर की मौजूदगी में ठेकेदार ने पार्षद पर गलत आरोप लगाने पर विरोध किया। तभी पार्षदों ने वहां रखी ईंटों को तोड़ना शुरूकर दिया।
ठेकेदार ने मेयर को बताया कि यह ईंट नगर निगम के एक बड़े ठेकेदार के यहां से मंगवाई है। गलत नहीं है। इसके बाद मेयर ने बिल्डिंग के बीम, फर्श आदि में तमाम खामियां मिलने पर संबंधित जेई से जवाब तलब किया। उन्होंने कहा कि निर्माण का काम देख नहीं सकते तो इस प्रोजेक्ट से हट जाओ। उन्होंने मुख्य अभियंता संजय चौहान, सहायक अभियंता मनोज गुप्ता को निर्देश दिए कि बिना उनके ठेकेदार को भुगतान नहीं किया जाएगा। मेयर ने आर्किटेक्ट सूरी को भी बिल्डिंग का निर्माण दिखाकर जानकारी ली। इसको लेकर मेयर ने कड़ा रूख अख्तियार करते हुए ठेकेदार से जवाब तलब किया है।
