संतकबीरनगर: अग्निशमन स्मृति दिवस पर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि, अग्निकांड से बचाव के लिए निकाली गई जागरुकता रैली
संतकबीरनगर। जनपद मुख्यालय स्थित अग्निशमन सेवा केंद्र पर शुक्रवार को क्षेत्राधिकारी अग्निशमन केशवनाथ की उपस्थिति मे अग्नि शमन स्मृति दिवस के अवसर पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। बता दें कि आज ही के दिन यानि 14 अप्रैल 1944 को मुंबई बंदरगाह पर मालवाहक जलयान जिसमें कपास, सोना और बारुद लदा था पर अचानक भीषण आग लग गयी थी। जिसमें ड्यूटी के दौरान 66 अग्निशमन कर्मी शहीद हो गये थे। इन शहीदों को श्रद्धाजलि अर्पित करने व अग्नि से बचाव के उपाय बताने के लिए देशभर में यह दिवस मनाया जाता है।

क्षेत्राधिकारी केशवनाथ सहित सभी उपस्थित अधिकारियों/कर्माचारियों ने शहीद अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि दिया। इस अवसर पर आज 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक अग्निशमन सेवा सुरक्षा सप्ताह जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जायेगा। इसी क्रम में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी अशोक कुमार यादव के नेतृत्व में अग्निशमन कर्मियों द्वारा फायर स्टेशन से नगर क्षेत्र के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानो पर अग्निकांड से बचाव के लिए जागरुकता रैली निकाली गई व अग्निसुरक्षा से संबंधित पम्पलेट वितरित कर जनता को जागरूक किया गया।
लोगों को जागरूक करते हुए अग्निशमन क्षेत्राधिकारी केशवनाथ ने बताया कि सभी उद्यमी अपने प्रतिष्ठानों पर अग्निशमन सुरक्षा तंत्र अवश्य रखें। इसके अलावा बाल्टियों में बालू भी जरुर रखें। आग लगने पर उसकी सूचना तत्काल अग्निशमन केंद्र पर अवश्य दें। उन्होंने कहा कि इस समय किसान भाइयों की गेहूं आदि की फसलें पक कर तैयार हैं। छोटी सी लापरवाही उसकी सारी मेहनत को बर्बाद कर देती है। उन्होंने कहा कि खेतों में कोई भी ज्वलनशील पदार्थ लेकर न जायं। बीड़ी, सिगरेट और माचिस आदि का प्रयोग खेतों के आसपास बिल्कुल न करें। सावधानी अपना कर हम होने वाली दुर्घटनाओं पर काबू पा सकते हैं।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: रुदौली में 'अग्नि सुरक्षा सप्ताह' का आगाज, दिखाया डेमो
