Unnao News : बदमाशों ने पुलिस को दी खुली चुनौती, SP Office के सामने ऐसे कार से रुपयों से भरा बैग किया पार
उन्नाव में बदमाशों ने एसपी ऑफिस के सामने कार से रुपयों से भरा बैग किया पार।
उन्नाव में बदमाशों ने एसपी ऑफिस के सामने दुग्ध कारोबारी की कार से 50 हजार रुपयों से भरा बैग पार कर दिया। पंचर कार का टायर बदलते समय टप्पेबाजों ने गाड़ी से बैग पार कर दिया। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई।
उन्नाव, अमृत विचार। जिले में शांति व्यवस्था कायम रखने और आमजन को सुरक्षा देने का दंभ भरने वाली पुलिस कप्तान कार्यालय के सामने तक पुख्ता सुरक्षा देने में सफल नहीं हो रही है। लचर कार्यशैली से चोरों व बदमाशों में पुलिस का खौफ खत्म होता जा रहा है। इसके चलते ही शनिवार को एसपी आफिस के पास एक दुग्ध कंपनी के सप्लायर की कार से रुपयों से भरा बैग चोरों ने दिनदहाड़े पार कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के बंधूहार मोहल्ला निवासी अनुज मिश्रा पुत्र चंद्र कुमार के पास एक दुग्ध कंपनी की एंजेंसी है। वह अपनी कार से दुकानों में दूध सप्लाई करते हैं। रोज की तरह शनिवार को भी वह दूध सप्लाई कर कार से वापस लौट रहे थे। शहर के एसपी आफिस तिराहा के पास उनकी कार पंचर हो गई। बकौल अनुज वह कार की स्टेपनी बदलने लगे। तभी किसी ने गाड़ी में रखा उनका बैग पार कर दिया। कार में दूध बिक्री के कलेक्शन की करीब 50 हजार रुपये थे।
पीड़ित ने सिविल लाइन चौकी प्रभारी जेपी यादव को फोन कर जानकारी दी। जिस पर उन्होंने कहीं बाहर होने की बात कही। जिसके बाद पीड़ित ने सदर कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी है। कोतवाली के एसएसआई प्रदीप यादव ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित के साथ स्थानीय दुकानदारों से पूछताछ करते हुए जांच शुरू कर दी है।
