गोंडा: साइबर जालसाजों ने उड़ाए ₹ 1.04 लाख, पुलिस ने वापस कराया, पीड़ितों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
गोंडा, अमृत विचार। साइबर जालसाजों ने झांसा देकर तीन लोगों के बैंक खाते से ₹1.04 लाख रुपये उड़ा लिए। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस के साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों के पैसे वापस करा दिए। अपने रुपये वापस पाकर दोनों पीड़ितों ने पुलिस के तत्परता की सराहना की और एसपी को बुके देकर उन्हे थैंक्यू बोला।
कोतवाली नगर क्षेत्र के रहने वाले अतुल कुमार पांडेय के मुताबिक उन्होने होटल बुक कराने के लिए गूगल से मिले नंबर पर कॉल किया था। कॉल उठाने वाले ने बुकिंग के लिये अतुल के मोबाइल पर एक ओटीपी भेजा और उसे शेयर करने के लिए कहा। अतुल ने ओटीपी बुकिंगकर्ता को भेज दी। ओटीपी मिलते ही साइबर जालसाजों ने उसके बैंक खाते से 49575 रुपये निकाल लिए।
अतुल ने तत्काल इसकी शिकायत पुलिस के साइबर सेल से की थी। कोतवाली नगर के ही रहने वाले सजल ने मोबाइल से ओला इलेक्ट्रिक कैब बुक कराई थी। जालसाजों ने ओटीपी के जरिए सजल के खाते से भी 49750 रुपये उड़ा लिए। इसी तरह नगर कोतवाली के जानकीनगर के रहने वाले अभय कुमार सिंह के खाते से भी जालसाजों ने 5 हजार रुपये निकाल लिए थे।
इन दोनों ने भी इसकी शिकायत पुलिस के साइबर सेल से की थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित बैंक से संपर्क स्थापित कर निकाली गई धनराशि को होल्ड कराते हुए उसे पीड़ितों के बैंक खातों में वापस कराई। रकम वापस पाकर सभी के चेहरे की मुस्कान लौट आई। शनिवार को पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर पुलिस के तत्परता की सराहना की और उन्हे बुके भेंटकर पुलिस को थैंक्यू कहा। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज प्रजापति व सीओ लाइन विनय कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
फ्रॉड ट्रांजेक्शन पर तत्काल दें पुलिस को सूचना-एसपी
अमृत विचार। पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरुक किया है। एसपी ने कहा कि कस्टमर केयर का नंबर गूगल से सर्च न करें। अपने बैंक पासबुक एवं कार्ड से प्राप्त करें। फ्रॉड ट्रांजेक्शन होने पर तत्काल साइबर हेल्प लाइन 1930, अपने बैंक एवं पुलिस को सूचना दें। किसी भी अनजान फोन कॉल पर अपनी बैंक डिटेल साझा न करें।
यह भी पढ़ें:-अखिलेश यादव ने BJP पर साधा निशाना, कहा- भाजपा करती है जाति-धर्म के नाम पर लड़ने की साजिश
