UP Nikay Chunav 2023 : अयोध्या में कल से नामांकन शुरू, 200 मीटर पहले ही रोके जाएंगे समर्थक
रात्रि 10 से सुबह 6 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा लाउडस्पीकर
अयोध्या, अमृत विचार। जनपद में नगर निकाय चुनाव का सोमवार से नामांकन शुरू होने के साथ ही काउंटडाउन शुरू हो जाएगा। प्रत्याशियों को 24 अप्रैल तक नॉमिनेशन फार्म दाखिल करने का समय दिया गया है। सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक अवकाश के दिनों में भी निर्वाचन प्रक्रिया जारी रहेगी। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच व चुनाव चिह्न का आवंटन किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी नितीश कुमार ने चुनाव की अधिसूचना जारी करते हुए बताया कि 11 मई को मतदान के एक दिन बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे।
कलेक्ट्रेट सभागार में दोपहर 12 बजे जिलाधिकारी नितीश कुमार ने बताया कि नामांकन की समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। समस्त निकायों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम, पुलिस क्षेत्राधिकारी व उच्चाधिकारियों को पर्यवेक्षण के लिए नामित किया गया है। नामांकन के दिवसों में नामांकन स्थल से 200 मीटर की परिधि के बाहर ही उम्मीदवार के साथ आने वाली भीड़ को रोक दिया जायेगा। नामांकन स्थल पर उम्मीदवार, उसका प्रस्तावक या सहायता के लिए एक अन्य व्यक्ति को ही जाने को अनुमति दी जायेगी। एक अभ्यर्थी एक पद के लिए अधिकतम चार नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत कर सकता है। चुनाव प्रचार के लिए वाहनों के प्रयोग के लिए जिला प्रशासन से अनुमति प्राप्त करनी होगी। उम्मीदवार चुनाव प्रचार के लिए लाउडस्पीकर व साउंड बाक्स का प्रयोग पूवार्नुमति लेकर ही करेंगे और इनका प्रयोग रात्रि 10 से सुबह 6 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। सभा, रैली व जुलूस का आयोजन जिला प्रशासन से पूर्व अनुमति लेकर ही किया जा सकेगा।
जानिए, किस पद का उम्मीदवार कहां करेगा नामांकन?
सदर तहसील में नगर निगम अयोध्या का महापौर का नामांकन न्यायालय कक्ष अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कलेक्ट्रेट परिसर व पार्षद का नामांकन तहसीलदार सदर के मुख्य भवन का पूर्वी, उत्तरी तथा पश्चिमी बरामदा में किया जायेगा। नपं गोशाईगंज अध्यक्ष का नामांकन न्यायालय कक्ष नायब तहसीलदार गोशाईगंज तहसील सदर में होगा तथा सदस्यों का नामांकन न्यायालय कक्ष नायब तहसीलदार नगर तहसील सदर में होगा। तहसील सोहावल में नगर पंचायत खिरौनी अध्यक्ष का नामांकन न्यायालय नायब तहसीलदार रौनाही में होगा तथा सदस्यों का नामांकन न्यायालय उपजिलाधिकारी में होगा। नगर पंचायत भरतकुंड भदरसा अध्यक्ष का नामांकन न्यायालय नायब तहसीलदार मसौधा सोहावल में होगा तथा सदस्यों का नामांकन न्यायालय तहसीलदार में होगा। तहसील रुदौली में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष का नामांकन न्यायालय उपजिलाधिकारी में होगा तथा सदस्यों का नामांकन तहसील सभागार में होगा। नगर पंचायत मां कामाख्या अध्यक्ष का नामांकन न्यायालय तहसीलदार न्यायिक रूदौली में होगा तथा सदस्यों का नामांकन न्यायालय तहसीलदार रूदौली में होगा। तहसील मिल्कीपुर में नगर पंचायत कुमारगंज अध्यक्ष का नामांकन न्यायालय उपजिला मजिस्टेट तहसील मिल्कीपुर में होगा तथा सदस्यों का नामांकन न्यायालय तहसीलदार तहसील मिल्कीपुर में होगा। तहसील बीकापुर में नगर पंचायत बीकापुर अध्यक्ष का नामांकन न्यायालय कक्ष उपजिलाधिकारी बीकापुर में होगा तथा सदस्यों का नामांकन न्यायालय कक्ष तहसीलदार बीकापुर में होगा।
महापौर पद के लिए नाम निर्देशन पत्र एक हजार का, जमानत राशि 12 हजार
महापौर नगर निगम पद सामान्य वर्ग हेतु नाम निर्देशन पत्र का मूल्य 1000 एवं जमानत की राशि 12000 निर्धारित की गयी है। पार्षद नगर निगम सामान्य हेतु नाम निर्देशन पत्र का मूल्य 400 रुपए तथा जमानत राशि 2500 रुपये, जबकि अध्यक्ष नगर पंचायत सामान्य के नाम निर्देशन पत्र का मूल्य 250 रुपये तथा जमानत राशि 5000 तथा सदस्य नगर पंचायत सामान्य हेतु नाम निर्देशन पत्र का मूल्य 100 रुपए तथा जमानत राशि 2000 रुपए निर्धारित किया गया है। अनुसूचित जाति एवं जनजाति, पिछड़े वर्ग एवं महिला उम्मीदवारों के लिए महापौर नगर निगम के नाम निर्देशन पत्र का मूल्य 500 रुपये, जमानत राशि 6000 रुपये तथा पार्षद नगर निगम पद के नाम निर्देशन पत्र का मूल्य 200 रुपए जमानत राशि 1250 रुपए, अध्यक्ष नगर पंचायत के नाम निर्देशन पत्र का मूल्य 125 रुपये, जमानत राशि 2500, सदस्य नगर पंचायत के नाम निर्देशन पत्र का मूल्य 50 रूपया जमानत राशि 1000 रूपया निर्धारित की गयी है।
कुल निकाय जनसंख्या
1-नगर निगम अयोध्या 3,32,290
2-नगर पालिका परिषद रुदौली 59,959
3-नगर पंचायत गोशाईगंज 11,390
4-नगर पंचायत खिरौनी (सुचित्तागंज) 18,560
5- नगर पंचायत भरतकुण्ड (भदरसा) 29,666
6- नगर पंचायत मां कामाख्या 22,278
7-नगर पंचायत कुमारगंज 14,326
8-नगर पंचायत बीकापुर 11,273
13 मई को सुबह 8 बजे से शुरू होगी वोटों की गिनती
1-नाम निर्देशन पत्रों की जांच 25 अप्रैल को सुबह 11 बजे से
2-नाम वापसी 27 अप्रैल सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक
3-चुनाव चिह्न आवंटन 28 अप्रैल को सुबह 11 बजे से कार्य की समाप्ति तक
4-मतदान की तिथि 11 मई सुबह 7 से सायं 6 बजे तक
5- मतगणना 13 मई को सुबह 8 से कार्य की समाप्ति तक
फैक्ट फाइल
169 वार्ड हैं कुल 8 निकायों में
467 मतदान स्थल हैं 169 केंद्रों में
29 आरओ व 47 एआरओ को मिली जिम्मेदारी
19 जोनल मजिस्ट्रेट व 49 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त
62 संवेदनशील, 54 अतिसंवदेनशीन मतदान केंद्र
20 अतिसंवेदनशील प्लस केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
ये भी पढ़ें - अमेठी: धारा 144 लागू, एएसपी ने संभाली जिले की कमान, SP नदारद
