मुरादाबाद: रोडवेज बस की टक्कर से कार सवार सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत, मां-बेटी घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

टक्कर के बाद पेड़ से टकराई बस में सवार 10 यात्री भी चोटिल, शुक्ला की पुलिया के पास हादसा, रामपुर के शुभम गांव कूरी रवाना ससुराल आ रहे थे

मुरादाबाद, अमृत विचार। मुरादाबाद-हरिद्वार हाईवे पर रविवार सुबह आठ बजे थाना छजलैट क्षेत्र के गांव कुचावली के पास रोडेवस की बस ने कार को रौंद दिया। हादसे में कार सवार सॉफ्टवेयर इंजीनियर शुभम अग्रवाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, उनकी पत्नी और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। बस में सवार 10 यात्री भी चोटिल हुए हैं।

रामपुर के मोहल्ला पुराना गंज निवासी शुभम अग्रवाल (38) पुत्र संजय कुमार पत्नी आकांक्षा (35) एवं बेटी अंशु (एक) के साथ अपनी कार से समारोह में शामिल होने कूरी रवाना अपनी ससुराल जा रहे थे। जैसे वह छजलैट के गांव कुचावली के पास एक ढाबा के पास पहुंचे तभी बिजनौर की ओर से आ रही रोडवज की बस ने उनकी कार को टक्कर मार दी।

जिससे कार पलट गई। बस भी पेड़ से जा टकराई। सूचना पर थानाध्यक्ष दीपक मलिक पुलिस बल सहित घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसमें शुभम अग्रवाल की दुर्घटना स्थल पर ही मौत हो चुकी थी। उनकी पत्नी व बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गंभीर रूप से घायल मां-बेटी को जिला अस्पताल भेजा गया।

बस में सवार 10 यात्री चोटिल हो गए, जो आसपास के चिकित्सकों से उपचार करा कर अपने गंतव्य को रवाना हो गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।  शुभम के ससुर अवनीश कुमार गुप्ता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शुभम दिल्ली में निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे।

ये भी पढ़ें : अतीक हत्याकांड के बाद मुरादाबाद मंडल में पुलिस अलर्ट, शांति बनाए रखने की अपील

संबंधित समाचार