अतीक हत्याकांड के बाद मुरादाबाद मंडल में पुलिस अलर्ट, शांति बनाए रखने की अपील

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद और अशरफ की हत्या के बाद मुरादाबाद में पुलिस हाई अलर्ट मोड में है। पुलिस ने शांति बनाए रखने की अपील की। महानगर में छह स्थानों पर जहां क्यूआरटी की तैनाती की गई है। वहीं दस स्थानों पर पिकेट लगाकर 24 घंटे हालात पर नजर बनाए रखने के आदेश दिए गए हैं। सर्किल अफसर व थाना प्रभारी पीएसी के साथ लगातार भ्रमणशील हैं। 

आपको बता दें कि शनिवार रात संभल में पुलिस की सतर्कता देखी गई। मुरादाबाद में रूटीन भ्रमण के बाद पुलिस अधिकारी लौट आए। रामपुर में सब कुछ सामान्य बताया गया। अमरोहा और बिजनौर में हाईवे पर पुलिस की गाड़ियां दौड़ी, लेकिन गली मोहल्ले में इसका कोई खास असर नहीं दिखा। मुरादाबाद सिविल लाइंस की कोतवाल गजेंद्र सिंह ने कहा कि रूटीन जांच की गई है। शहर में सब कुछ सामान्य है।

वहीं सम्भल कार्यालय की जानकारी के अनुसार संभल में अलर्ट पर पुलिस है। शनिवार रात 12 बजे कोतवाल ओंकार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल बाजार में पैदल भ्रमण पर निकला। इस दौरान रास्ते में कारों व अन्य वाहनों को रोककर तलाशी ली गई। इसके साथ ही सड़क से गुजरते लोगों की भी चेकिंग की गई। कोतवाली पुलिस के साथ ही सीओ जितेंद्र सरगम व एसडीएम सुनील त्रिवेदी भी क्षेत्र में भ्रमण पर निकले। पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। हालांकि जनपद में अभी तक शांति कायम है।

ये भी पढ़ें :Ateeq-Ashraf Murder Case: अतीक और अशरफ की हत्या करने वाले शूटरों ने किया बड़ा खुलासा, जानें क्या कहा...

संबंधित समाचार