रायबरेली: खेत में युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप, भाइयों ने लगाया हत्या का आरोप
बछरावां (रायबरेली) अमृत विचार। शाम को बाइक लेकर घर से निकले युवक का शव दूसरे दिन गांव के बाहर खेत में मिला है। युवक के सिर में चोट का निशान है। पास में उसकी बाइक भी बरामद हुई है। मृतक के भाइयों ने हत्या करके शव फेंके जाने का आरोप लगाया है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है। मामला कोतवाली क्षेत्र के गांव खैरहनी का है।
लखनऊ-प्रयागराज राजमार्ग के किनारे स्थित इस गांव के रहने वाले जितेंद्र कुमार (32 वर्ष) पुत्र रामप्रसाद गांव में टेंट लाइट का व्यवसाय करते थे। रविवार की शाम को वह बाइक लेकर बाहर गए थे। उसके बाद वापस नहीं आए। सोमवार की सुबह गांव से बाहर एक खेत में उनका रक्तरंजित शव बरामद हुआ है। शव के पास उनकी बाइक भी पड़ी हुई मिली है। मृतक के सिर में गंभीर चोट के निशान है।
शव मिलने के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया ।मामले की सूचना पुलिस को दी गई ।मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां पर पंचनामा की कार्यवाही करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मृतक के भाई राकेश कुमार और वीरेंद्र कुमार ने अपने भाई की हत्या करके शव को खेत में फेंके जाने का आरोप लगाया है। कोतवाल बृजेश कुमार राय ने बताया कि युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला है। उसका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है ।घटना की छानबीन की जा रही है।
दोस्त का आया था फोन
परिजनों ने बताया कि रविवार की रात करीब 10 बजे जितेंद्र के पास कुसली खेड़ा गांव निवासी उसके दोस्त देशराज उर्फ चेता का फोन आया था ।फोन पर बात करने के बाद वह घर से यह कहकर निकला था कि अपने दोस्त से मिलकर वापस आ रहा है ।किंतु फिर वापस नहीं आया। रात में परिजन उसकी खोजबीन करते रहे ।किंतु उसका पता नहीं चल पाया था।
एक साल बाद वापस आई थी पत्नी
ग्रामीणों ने बताया कि जीतेंद्र का उसकी पत्नी चांदनी से संबंध ठीक नहीं थे। करीब दो साल पहले उसकी पत्नी अपने एक पुरुष मित्र के साथ चली गई थी। जिसमें जितेंद्र ने कोतवाली में शिकायत की। उसके करीब एक साल बाद उसकी पत्नी वापस आई और कोतवाली में सुलह समझौता के बाद वापस आकर घर में रहने लगी। घटना के समय वह उसके घर में मौजूद थी।
दो बच्चों का पिता था जितेंद्र
जितेंद्र दो बच्चों का पिता था। इसका सबसे बड़ा बेटा समर (8 वर्ष) और पुत्री सौम्या (4वर्ष) की है। गांव में वह अपने दोनों भाइयों के साथ रहता था ।उसके बड़े भाई राकेश और छोटे भाई वीरेंद्र के बीच में बज मछला भाई था। घटना के बाद पूरे परिवार का रो रो कर बुरा हाल है।
