मुरादाबाद : चिंता! गर्मी में रेलवे स्टेशन पर पेयजल की समस्या से जूझ रहे यात्री, जिम्मेदार मौन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कई प्लेटफार्म पर खराब हैं वाटर कूलर, यात्री पानी की बोतल खरीदने को मजबूर

प्लेटफार्म पर टूटी वाटर कूलर की टोंटी और हरथला रेलवे स्टेशन पर शौचालय में लगा ताला।

मुरादाबाद, अमृत विचार।  गर्मी बढ़ने के साथ ही रेलवे स्टेशन पर पानी की समस्या होने लगी है। रेलवे की ओर से लगाए पानी के वाटर कूलर खराब होने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अब उन्हें प्यास बुझाने के लिए स्टेशन पर बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है। 

पिछले दिनों हुई बरसात से मौसम सामान्य था, लेकिन 10 अप्रैल के बाद से मौसम का मिजाज गर्म हो गया है। तब से लगातार गर्मी बढ़ती जा रही है। तेज धूप से ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को गर्मी ने खूब सताया। स्टेशन पर आने वाले यात्री पानी के लिए परेशान दिखे। दोपहर में अमृत विचार टीम रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंची। जहां ट्रेन के इंतजार के बैठे यात्री पानी के लिए परेशान दिखे। जिसकी वजह थी प्लेटफार्म नंबर एक पर लगे वाटर कूलर का खराब होना। 

यात्री रमेश पाल ने बताया कि वाटर कूलर में पानी नहीं आ रहा है। जिसके चलते उसने पानी की बोतल खरीद कर प्यास बुझाई। यही हाल प्लेटफार्म नंबर दो का था। यहां भी वाटर कूलर में पानी नहीं आ रहा था। यात्रियों ने प्लेटफार्म पर लगे स्टाल से पानी की बोतल खरीदी। यात्री नाजिम ने बताया कि काफी दिनों से स्टेशन पर लगे वाटर कूलर खराब पड़े हैं। जिससे पीने के पानी की समस्या होने लगी है। 

छोटे स्टेशनों पर भी नहीं पेयजल की सुविधा  
जनपद में छोटे-छोटे कई स्टेशन हैं, जहां पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव होता है। हरथला रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए रेलवे की ओर से पीने के पानी की कोई सुविधा नहीं थी। स्टेशन पर सिर्फ एक हैंडपंप लगा था।

बोतल बंद पानी की मांग बढ़ी 
रेलवे स्टेशन व ट्रेनों में रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों को बोतल बंद पानी के रूप से रेल नीर उपलब्ध कराया जाता है। मौसम गर्म होने के बाद पानी की बोतल की मांग बढ़ गई है। मुरादाबाद स्टेशन पर प्रतिदिन 10,000 रेल नीर की बोतल की बिक्री हो रही है। जिसके चलते रेलवे अधिकारियों ने रेल नीर की आपूर्ति बढ़ाने के आदेश दिए हैं।

गर्मी के मौसम में यात्रियों को पानी की दिक्कत न हो। इसके लिए सभी इंतजाम पूरे करने के आदेश दिए गए हैं। गर्मी बढ़ने पर आईआरसीटीसी को पत्र लिखकर बोतलबंद पानी की आपूर्ति बढ़ाने को कहा गया है। -सुधीर सिंह, सीनियर डीसीएम

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद : विनोद अग्रवाल को हैट्रिक के लिए कमल निशान, सीधी राजनीति के जरिए जनसेवा को विस्तार देंगे सपा प्रत्याशी

 

संबंधित समाचार