Kannauj Theft : तीन घरों से नगदी, जेवरात समेत लाखों की चोरी, ग्रामीणों ने पुलिस गश्त पर उठाए सवालिया निशान
कन्नौज में एक रात में तीन घरों में चोरी।
कन्नौज के गुरसहायगंज थानाक्षेत्र में चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाकर नगदी, जेवरात समेत लाखों का माल पार कर दिया। पीड़ितों ने डॉयल 112 व कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
कन्नौज, अमृत विचार। गुरसहायगंज थानाक्षेत्र में चोरों ने मुख्य द्वार का ताला तोड़कर व घर में घुसकर तीन घरों को निशाना बनाया। चोरों ने एक घर से सिंगल बैरल लाइसेंसी बंदूक व 16 कारतूस चोरी कर लिया। जिसके बाद घर में रखे लाखों रूपये के जेवरात व हजारों रूपये की नगदी पार कर दी। जानकारी होने पर घर का सामान बिखरा व गायब देख पीड़ितों के होश उड़ गए। आनन फानन पीड़ितों ने डायल-112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच कर परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की। पीड़ितों ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
ग्राम कटकैया निवासी अभिताष कुमार ने बताया कि रविवार की बीती रात चोरों ने दीवार फांदकर उसके मुख्य गेट को खोल लिया और घर में घुस आए। इसके बाद घर के कमरें में रखी सिंगल बैरल बंदूक व 16 जिंदा कारतूस सहित लाखों रूपये के सोने चांदी के जेवरात 02 चैन, एक जोड़ी झाले, दो अंगूठी, 01 जोडी पायल, 01 जोड़ी झुमकी, गले का हार, सोने के 04 कंगन व 24500 रूपये चोरी कर लिए।
इसी प्रकार गांव के विनोद कुमार ने बताया कि रविवार की बीती रात चोरों ने उसके घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात गले का हार, गले की चैन, 01 जोड़ी पायल, 01 जोड़ी झाले, 03 लेडीज अंगूठी, 01 जेंटस अंगूठी, 01 कमर पेटी व 4500 रूपये चोरी कर लिए। विनोद कुमार ने बताया कि वह फसल की रखवाली के लिए खेत पर था। जबकि उसकी पत्नी मायके गई हुई थी। घर में उसकी मां थी। गांव के पीयूष कुमार ने बताया कि वह परिजनों के साथ घर पर सो रहा था।
बीती रात चोरों ने उसके मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में घुस आए और सोने-चांदी के जेवरात सोने की जंजीर, अंगूठी लेडीज, 01 जोड़ी तोड़िया चोरी कर ले गए। पीयूष ने बताया कि वह परिजनों के साथ घर के पिछले हिस्से में सो रहा था। सुबह जानकारी होने पर जब परिजनों ने घर का सामान बिखरा देखा तो उनके होश उड़ गए। पीड़ितों ने डायल 112 सहित कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची डायल 112 व उपनिरीक्षक अभिनेश कुमार ने स्थानीय लोगों व परिजनों से पूछताछ कर जांच शुरू कर दी। कोतवाल जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
खेत में मिले बक्शा व बिखरे पड़े कपड़े
चोरों ने जिन घरों को निशाना बनाया वहां से बक्शा भी उठा लग गए। जिसके बाद बक्शा को खेतों में ले जाकर ताला तोड़ दिया और जेवरात चोरी कर लिए। अभिताष के घर के पास खेत में बक्शा व सामान बिखरा मिला। जबकि विनोद कुमार का बक्शा घर से लगभग 01 किमी दूरी पर स्थित खेत में पड़ा मिला। चोर बक्शे में रखे कपडे व अन्य सामान छोड़ गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
चोरी की वारदात से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस की सक्रियता पर ग्रामीण सवालिया निशान उठा रहे। पुलिस का मानना है कि चोर बाइक से गांव पहुंचे होंगे। इसके लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज के सहारे चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही।
घटना 1
ग्राम कटकैया निवासर अभिताष परिवार के साथ घर के आंगन में सो रहे थे। तभी चोरों ने घर में घुसकर बक्शे का ताला तोड़ दिया और उसमें रखी सिंगल बैरल लाइसेंसी बंदूक व 16 जिंदा कारतूस चोरी कर ले गए। जब कि पास में रखा छोटा बक्शा अपने साथ ले गए। जिसे घर के पास स्थित खेत में तोड़कर जेवरात व नगदी चोरी कर ली। सुबह जब खोजबीन की गई तो बक्शा व कपड़े खेत में बिखरे पड़े मिले।
घटना 2
ग्राम कटकैया निवासी विनोद कुमार खेत में खड़ी फसल की रखवाली कर रहे थे। जिससे वह रविवार की रात खेत पर थे। जबकि उसकी पत्नी मायके गई हुई थी। उसके पिता हरिभान बाग में स्थित दूसरे घर में मवेशियों की रखवाली के लिए लेटे हुए थे। विनोद की मां घर पर अकेली थी और बरामदे में सो रही थी। यहां भी चोर घर में रखा बक्शा उठा ले गए और लगभग एक किमी दूर खेतों में ताला तोड़कर जेवरात व नगदी पार कर दी। खोजबीन के दौरान खेत में बक्शा व कपड़े पड़े मिले।
घटना 3
ग्राम कटकैया निवासी पीयूष घर के पिछले हिस्से में बनी दूसरी मंजिल पर परिवार के साथ सो रहा था। बताया कि उसकी बहन रविवार को घर आई थी। चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में घुस आए और नीचे के कमरे में रखे उसकी बहन के बैग से सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। सुबह बैग का सामान बिखरा पड़ा देख होश उड़ गए।
