Jalaun Murder : पेपर देकर घर जा रही छात्रा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, दुकानों के गिरे शटर, दहशत में लोग

जालौन में छात्रा की गोली मारकर हत्या।

Jalaun Murder : पेपर देकर घर जा रही छात्रा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, दुकानों के गिरे शटर, दहशत में लोग

जालौन जिले के कोतवाली एट कोतवाली क्षेत्र से 200 मीटर दूरी पर छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह कॉलेज से पेपर देकर घर लौट रही थी। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की।

जालौन, अमृत विचार। जालौन जिले के एट कोतवाली क्षेत्र में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। कॉलेज से पेपर देकर वापस अपने घर जा रही बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा को दिनदहाड़े तमंचा से गोली मार दी गई। गोली लगने से मौके पर ही छात्रा की मौत हो गई। गोली की आवाज से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना थाना पुलिस को दी गई। इंस्पेक्टर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और इस घटना की जानकारी आला अफसरों को दी। 

एट थाना क्षेत्र के ऐंधा गांव निवासी रोशनी 18 वर्ष पुत्री मानसिंह अहिरवार एट में स्थित रामलखन पटेल महाविद्यालय में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है। सोमवार को वह अपनी बड़ी बहिन शीलम व भाई श्रीचंद्र के साथ पेपर देने के लिए निकली थी। वह कॉलेज पहुंची और पेपर दिया इसके बाद जब तीनों वापस लौट रहे थे। तभी पीछे से तमंचा लहराते हुए आए बाइक सवार दो युवकों ने  छात्रा को गोली मार दी।

गोली सिर को निशाना बनाकर लगाई गई। गोली लगते ही उसकी मौके पर मौत हो गई। तमंचा से गोली मारने के बाद हत्यारे मौके पर अवैध असलहा को छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। दूसरी तरफ साथ चल रही छात्रा की बड़ी बहिन शीलम ने पुलिस को तहरीर दी है। इसमें उसने बताया कि जब वह और उसका भाई रोशनी के साथ घर जा रहे थे। तभी दो युवक बाइक पर तमंचा लहराते हुए आए और मेरी बहिन के गोली मार दी।

एक राज नाम के युवक को वह पहचानती है जो कदौरा के जमरेही गांव का रहने वाला है। नह एक लड़के को नहीं पहचानती। पुलिस ने बड़ी बहिन की तहरीर के आधार पर राज व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। घटना की सूचना पर कोतवाल ऐके सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने इसकी सूचना अधिकारियों को दी। सूचना पर एसपी ईराज राजा, एएसपी असीम चौधरी, सीओ कोंच शैलेंद्र बाजपेयी मौके पर पहुंचे। घटना स्थल का मुआयना किया और जरूरी दिशा निर्देश दिए। घटना की सूचना पाकर डीआईजी झांसी जोगिंदर सिंह भी पहुंचे।

प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा पूरा मामला

पुलिस की माने तो प्रथण दृष्टया पूरा मामला प्रेम प्रसंग का नजर आ रहा है। चर्चा है कि मृतका का राज नाम के एक लड़के से काफी समय से अफेयर चल रहा था।  लड़की की शादी तय होने के बाद उसने लड़के से बात करना बंद कर दिया था। बताया जाता है कि यह बात उसे नागवार गुजर रही थी। रविवार को आक्रोशित प्रेमी ने अपने साथी के साथ पेपर देकर लौट रही  रोशनी को भरे बाजार अवैध असलहा से गोली मार दी। 

दुकान बंद करके भागे दुकानदार

खुलेआम बीच सड़क पर दो बाइक सवारों ने एक पैदल जा रही लड़की को गोली मारी तो इससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गोली की आवाज सुनकर दुकानदारों ने दुकानों की शटर डाल दी और तमाशबीन बन गए। आसपास की दुकाने देखते ही देखते बंद हो गई। 


सर्विलांस व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची

जहां पर छात्रा की गोली मारकर हत्या की गई वहां पर फोरेंसिंक टीम व सर्विलांस टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिंक टीम की ओर से बड़ी बारीकी से जांच की गई। घटना स्थल से ब्लड का नमूना लिया गया। टीम ने अपने स्तर से काम शुरू कर दिया है। 


अभियुक्तों को पकड़ने के लिए बनाई गई चार टीमें

रोशनी हत्याकांड का खुलासा करने के लिए पुलिस अधीक्षक ईराज राजा ने चार टीमों का गठन किया है। इसमें टीमें को जरूरी दिशा निर्देश दिए गए है। एसओजी, सर्विलांस टीम के साथ दो टीमे और लगाई है। पुलिस अधीक्षक का कहना है कि जो घटना हुई है उसके आरोपी जल्द ही गिरफ्तार किए जाएंगे।

Post Comment

Comment List