अयोध्या: परिक्षेत्र में 5 प्रदेश स्तरीय माफिया, 3 माह में खोली गई 96 की हिस्ट्रीशीट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मजारिया हिस्ट्रीशीटर की तादात पहुंची 6374

अयोध्या, अमृत विचार। अयोध्या परिक्षेत्र में पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक प्रदेश स्तर के 5 माफिया हैं, जिनमें 3 बाराबंकी और 2 अंबेडकरनगर जिले के हैं। इनमें से एक जमानत पर बाहर है और बाकी जेल में हैं। परिक्षेत्र में हिस्ट्रीशीटरों की तादात भी कोई कम नहीं है। वर्तमान में परिक्षेत्र में मजारिया हिस्ट्रीशीटरों की कुल तादात 6374 पहुंच गई है। जिसमें 4377 ने अदालत से जमानत हासिल कर रखी है लेकिन 423 अभी भी फरार हैं। 
    
परिक्षेत्र के चिह्नित प्रदेश स्तरीय माफिया में सर्वाधिक 50 केस बाराबंकी के देवारोड रफीनगर निवासी अतुल कुमार वर्मा के खिलाफ दर्ज है, हालांकि किसी मामले में अभी इसको अदालत से सजा नहीं हुई है। अतुल 28 जून 2022 से बाराबंकी जिला कारागार में निरुद्ध है और पुलिस ने गिरोहबंद अधिनियम के तहत इसकी कुल 6 करोड़ 44 लाख 57 हजार 674 रुपये की संपत्ति जब्त की और ध्वस्त कराई है। दर्ज अभियोगों के अनुसार 27 मार्च 2017 से जेल में निरुद्ध अंबेडकरनगर का खान मुबारक निवासी हरसंहार थाना हसवर दूसरे स्थान पर है। इसके खिलाफ कुल 43 मामले दर्ज हुए हैं, जो विचाराधीन हैं। इसकी गिरोह की कुल 18 करोड़ 91 लाख 88 हजार रुपये की संपत्ति जब्त और ध्वस्त कराई गई है। 32 अभियोगों के साथ बाराबंकी जिले का लखनऊ के गोमतीनगर में रहने वाला 2 जून 2022 से जिला कारागार में निरुद्ध संजय सिंह सिंघला तीसरे स्थान पर है। इसकी कुल 31 करोड़ 45 लाख 40 हजार 800 रुपये संपत्ति जब्त व ध्वस्त हुई है। वहीं 2 नवंबर 2020 को जिला कारागार बस्ती से जमानत पर छूटे अंबेडकरनगर के थाना महरुआ स्थित लोकनाथपुर निवासी अजय सिंह उर्फ अजय सिपाही के खिलाफ कुल 27 अभियोग दर्ज हैं और 4 करोड़ 36 लाख की संपत्ति जब्त व ध्वस्त हो चुकी है। जबकि बाराबंकी के जैतपुर थाना क्षेत्र स्थित टिकरा उस्मा गांव निवासी चिह्नित माफिया शहीम उर्फ कासिम इसी साल 28 फरवरी को गिरफ्तार होकर जेल पहुंचा है। उसके खिलाफ कुल 17 अभियोग दर्ज हैं और गिरोह की 36 करोड़ 37 लाख 11 हजार 88 रुपये की संपत्ति जब्त व कुर्क की गई है। 

इस वर्ष तीन माह में खोली गई 96 की हिस्ट्रीशीट
परिक्षेत्र पुलिस के विभिन्न जनपदों में इस वर्ष 1 जनवरी से 31 मार्च के बीच कुल 96 लोगों की निगरानी के लिए हिस्ट्रीशीट खोली गई। जबकि परिक्षेत्र में दोनों प्रकार के ए और बी मजारिया हिस्ट्रीशीटरों की कुल तादात 6278 पहले से थी, जो अब 6374 पहुंच गई है। पुलिस का दावा है कि इनमें से 5560 अभी भी सक्रिय हैं तथा  82 की मौत हो चुकी है तथा 732 जांच में निष्क्रिय पाए गए हैं। वर्तमान में इनमें से 4377 ने अदालत से जमानत हासिल कर रखी है और 760 कारागार में निरुद्ध हैं। वहीं  423 फरार हिस्ट्रीशीटरों की पुलिस को तलाश है। परिक्षेत्र के लिहाज से बाराबंकी में इनकी तादात सबसे ज्यादा 1588 और अमेठी में सबसे कम 1010 है। वहीं अयोध्या में 1317, अंबेडकरनगर में 1277 व सुल्तानपुर में 1182 हिस्ट्रीशीटर रिकॉर्ड में दर्ज हैं।


ये भी पढ़ें - अतीक और अशरफ के हत्यारोपियों को प्रयागराज से प्रतापगढ़ जेल में किया ट्रांसफर, जानें वजह

 

संबंधित समाचार