बस्ती: निजी विद्यालय के शिक्षक सहित छह मिले कोरोना पॉजिटिव
एक्टिव केस की संख्या बढ़कर हुई 14, छह हुए डिस्चार्ज
अमृत विचार, बस्ती। शहर के पचपेड़िया रोड स्थित एक निजी विद्यालय के शिक्षक सहित आधा दर्जन लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। संक्रमित मिले लोगों में जिला अस्पताल में जांच कराने आई दो महिलाएं भी शिामल हैं। इस समय एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 14 हो गई है, जबकि छह लोगों को होम आइसोलेशन से डिस्चार्ज किया गया है। जिले से तीन केस अन्य जिलों के लिए स्थानांतरित कर दिए गए हैं।
मैनपुरी जिले के रहने वाले एक 37 वर्षीय शिक्षक निजी विद्यालय में पढ़ाते हैं। समस्या होने पर उन्होंने जिला अस्पताल में आरटीपीसीआर जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। शिक्षक का कहना है कि वह विद्यालय से घर व घर से विद्यालय ही जाते रहे हैं। शहर के पिकौरा दत्तूराय मोहल्ले की एक 60 वर्षीय महिला भी आरटीपीसीआर जांच में संक्रमित मिली है। महिला ने जिला अस्पताल में सैम्पलिंग कराई थी।
इधर जिला महिला अस्पताल में कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला जारी है। अस्पताल में जांच कराने के लिए आ रही महिलाओं की कोरोना की जांच कराई जा रही है। पुराना डाकखाना, अमहट क्षेत्र की रहने वाली एक 22 वर्षीय महिला जांच कराने आई थी। एंटीजन जांच में वह संक्रमित मिली है। इसी प्रकार सदर ब्लॉक के कोठवा भरतपुर की रहने वाली 27 वर्षीय महिला भी महिला अस्पताल में हुई एंटीजन जांच में पॉजिटिव मिली है। वहीं, विक्रमजोत ब्लॉक के छावनी पीएचसी पर सोमवार को एक परिवार कोरोना की जांच कराने पहुंचा। जांच में परिवार के दो लोग संक्रमित पाए गए हैं।
ये भी पढ़ें - लखनऊ : ग्रामीण इलाके के कैंसर पीड़ित मरीजों को इलाज देने की तैयारी, केएसएससीआई और जेसीएचसीआई के बीच हुआ समझौता
