बरेली: गंगानगर कॉलोनी में अवैध लाइन डालने के मामले में जेई निलंबित
बरेली, अमृत विचार। गंगानगर कॉलोनी में अवैध लाइन डालने के मामले में जांच के बाद सुभाषनगर के जेई को निलंबित कर दिया गया है। प्रकरण में टीजी टू को अधिशासी अभियंता ने पहले ही निलंबित कर दिया था। निलंबित जेई को द्वितीय डिवीजन से संबद्ध किया गया है।
सुभाषनगर क्षेत्र की गंगानगर कॉलोनी में जेई और कर्मचारी की मिलीभगत से बिना एस्टीमेट बनाए सरकारी खंभों के साथ 100 मीटर लाइन खींची गई थी। सुभाष नगर एसडीओ महेन्द्र सिंह ने पूरे मामले की शिकायत अधिशासी अभियंता प्रथम आरके पांडे से की थी। अधिशासी अभियंता ने जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया था। जांच में उसी डिवीजन के अफसर को शामिल करने पर मुख्य अभियंता राजीव कुमार शर्मा ने अधिशासी अभियंता की कमेटी को भंग कर दिया था।
प्रकरण में नए सिरे से जांच के लिए उन्होंने अधीक्षण अभियंता विद्युत कार्य मंडल की अध्यक्षता में अधिशासी अभियंता विद्युत कार्यशाला खंड और सहायक लेखाधिकारी विद्युत भंडार खंड की जांच कमेटी बनाई थी। जांच के दौरान कमेटी को खंभों पर मध्यांचल विद्युत वितरण निगम (एमवीवीएनएल) लिखा मिला था। प्रकरण की जांच रविवार को पूरी हो गई। सोमवार को जांच रिपोर्ट मुख्य अभियंता को सौंप दी गई। मामले में अधीक्षण अभियंता विकास सिंघल ने सुभाषनगर के जेई विजय प्रताप सिंह को निलंबित कर दिया।
अस्पताल में बिजली चोरी के मामले में भी जेई हुए थे निलंबित
पिछले साल सुभाषनगर क्षेत्र के बदायूं रोड स्थित मेधांश अस्पताल में करीब एक करोड़ रुपये की बिजली चोरी पकड़ी गई थी। इस मामले में सुभाषनगर के जेई मंजीत सिंह को निलंबित किया गया था। अब अवैध लाइन डालने के मामले में सुभाषनगर के जेई विजय प्रताप सिंह के खिलाफ कार्रवाई गई है।
ये भी पढे़ं- बरेली: कोविड महामारी अभी नहीं हुई खत्म, सुरक्षा के लिहाज से जगह-जगह कराया जा रहा दवा का छिड़काव
