पीलीभीत: नामांकन आज से, प्रत्याशी समेत तीन लोग ही जा सकेंगे कक्ष के भीतर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने नगर निकाय चुनाव को लेकर रविवार को अधिसूचना जारी कर दी। सोमवार से शुरू होने वाले नामांकन के लिए ड्रमंड राजकीय इंटर कालेज में बैरिकेडिंग कर दी गई। देर शाम तक चुनाव संबंधी तैयारियों को दुरुस्त करने में अधिकारी जुटे रहे। प्रत्याशियों के साथ प्रस्तावक, निर्वाचक अभिकर्ता, एक सहयोगी समेत तीन लोगों को नामांकन कक्ष तक जाने की अनुमति दी जाएगी। शहर सीट के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी ड्रमंड कालेज में कक्ष संख्या पांच पुरानी बिल्डिंग में नामांकन कराएंगे। आज (सोमवार) 10 निकायों के अध्यक्ष और 158 वार्डों के सभासद पद के लिए नामांकन भरेंगे।

नगर निकाय चुनावों के लिए सोमवार (आज) 11 बजे से नामांकन पत्र जमा करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। यह प्रक्रिया 24 अप्रैल तक चलेगी। नामांकन पत्रों की जांच 25 अप्रैल को पूर्वाह्न 11 बजे से कार्य समाप्ति तक की जाएगी। नाम वापसी 27 अप्रैल को पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे के बीच होगी। 28 अप्रैल को चुनाव चिन्ह्न का आवंटन किया जाएगा। मतदान 11 मई को सुबह 7 बजे से अपराह्न 6 बजे तक तथा मतगणना 13 मई को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। जिले में पांच नामांकन स्थल बनाए गए हैं। नामांकन स्थल ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में नगर पालिका पीलीभीत के अध्यक्ष और सभासद प्रत्याशियों का नामांकन होगा। इसके अलावा नगर पंचायत नौगवां पकड़िया, नगर पंचायत जहानाबाद और नगर पंचायत न्यूरिया हुसैनपुर का नामांकन भी यहीं होगा। नामांकन स्थल एसआरएम इंटर कालेज में नगर पालिका बीसलपुर, नगर पंचायत बिलसंडा और नगर पंचायत बरखेड़ा के प्रत्याशियों का नामांकन होगा। नामांकन स्थल पूरनपुर विकास खंड में नगर पालिका पूरनपुर के प्रत्याशियों का नामांकन होगा। नामांकन स्थल अमरिया विकास खंड में नगर पंचायत गुलड़िया भिंडारा के प्रत्याशियों का नामांकन होगा। वहीं नामांकन स्थल तहसीलदार कार्यालय कक्ष में कलीनगर नगर पंचायत के प्रत्याशियों का नामांकन होगा।

इन स्थानों पर होगा नामांकन
क्र.स.    नगर निकाय                नामांकन स्थल
1.    नगर पालिका पीलीभीत अध्यक्ष/सभासद प्रत्याशी    ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज
2.    नगर पालिका    पूरनपुर अध्यक्ष/सभासद प्रत्याशी    विकास खंड कार्यालय पूरनपुर
3.    नगर पालिका बीसलपुर अध्यक्ष/सभासद प्रत्याशी    एसआरएम इंटर कालेज
4.    न. पंचायत नौगवां पकड़िया अध्यक्ष/सभासद प्रत्याशी    ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज
5.    न. पंचायत जहानाबाद अध्यक्ष/सभासद प्रत्याशी    ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज
6.    न. पंचायत न्यूरिया हुसैनपुर अध्यक्ष/सभासद प्रत्याशी    ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज
7.    न. पंचायत बिलसंडा अध्यक्ष/सभासद प्रत्याशी    एसआरएम इंटर कालेज
8.    न. पंचायत बरखेड़ा अध्यक्ष/सभासद प्रत्याशी    एसआरएम इंटर कालेज
9.    न. पंचायत गुलड़िया अध्यक्ष/सभासद प्रत्याशी    विकास खंड कार्यालय अमरिया
10.    न. पंचायत कलीनगर अध्यक्ष/सभासद प्रत्याशी    तहसीलदार कार्यालय कक्ष कलीनगर

कमरों में लगा दिए गए कम्प्यूटर
नामांकन कक्षों में आरओ, एआरओ के लिए टेबल, कंप्यूटर, स्कैनर व इंटरनेट कनेक्शन आदि की व्यवस्था कर दी गई है। नामांकन कक्षों में कैमरामैन की भी ड्यूटी लगाई गई है। मॉनिटरिंग करने के लिए एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। यहां पब्लिक एड्रेस सिस्टम भी होगा।

यह लाना होंगे प्रमाण पत्र
आज से नामांकन फॉर्मों की बिक्री शुरू होगी। नामांकन पत्र खरीदने के लिए प्रत्याशियों को जाति प्रमाण पत्र साथ में लाना होगा। ओबीसी, एससी व एसटी आरक्षित सीटों के नामांकन पत्र खरीदने के लिए प्रत्याशियों को जाति प्रमाण पत्र साथ में लाना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही आधार कार्ड भी साथ लाना होगा। सामान्य सीट के लिए जाति प्रमाण पत्र की कोई आवश्यकता नहीं होगी।

निर्वाचन कार्यालय में बनी रही गहमागहमी
सोमवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू होने को लेकर एक दिन पहले रविवार को निकाय निर्वाचन कार्यालय में गहमागहमी बनी रही। अधिकारी और कर्मचारी तैयारियों को फाइनल टच देने में जुटे रहे। वहीं सभी नामांकन स्थल पर नामांकन पत्र भेजे जाने को लेकर भी तैयारियां की जाती रहीं। जिले में पांच नामांकन स्थल बनाए गए हैं। जिनमें ड्रमंड राजकीय इंटर कालेज, एसआरएम इंटर कालेज, विकास खंड कार्यालय पूरनपुर, विकास खंड कार्यालय अमरिया और तहसीलदार कार्यालय कक्ष कलीनगर है।

मुख्य दिनांक:-
- 17 से 24 अप्रैल 11 बजे से शाम 3 बजे तक नामांकन
- 25 अप्रैल को नामांकन की जांच 11 बजे से कार्य समाप्ति तक
- 27 अप्रैल को 11 बजे से शाम 3 बजे तक नाम वापसी
- 28 अप्रैल को चुनाव चिन्ह आवंटन 11 बजे से कार्य समाप्ति तक
- 11 मई को मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक
- 13 मई को मतगणना सुबह आठ बजे से कार्य समाप्ति तक

ये भी जानें:-
नगर निकायों की संख्या-    10
नगर पालिकाओं की संख्या- 03
नगर पंचायतों की संख्या-    07
कुल वार्डों की संख्या-    158
कुल मतदान केंद्रों की संख्या- 110
कुल मतदान स्थलों की संख्या- 415
कुल मतदाताओं की संख्या- 2,92,619 
पुरुष मतदाताओं की संख्या- 1,53,337
महिला मतदाताओं की संख्या- 1,39,282
जोनल मजिस्ट्रेट की संख्या- 13
सेक्टर मजिस्ट्रेट की संख्या- 27
प्रभारी अधिकारी की संख्या- 15

नगरीय निकायों में पुरुष और महिला मतदाता
निकाय        पुरुष    महिला    कुल मतदाता
नगर पालिका पीलीभीत    55219    50657    105876
नगर पालिका पूरनपुर    17236    15824    33060
नगर पालिका बीसलपुर    33037    29345    62382
नगर पंचायत नौगवां प.    10326    9262    10988
नगर पंचायत न्यूरिया हु.    9632    9339    18971
नगर पंचायत जहानाबाद    6443    5681    12124
नगर पंचायत बरखेड़ा    6571    5701    12272
नगर पंचायत बिलसंडा    7777    7039    14816
नगर पंचायत गुलड़िया    2552    2246    4768
नगर पंचायत कलीनगर    4573    4188    8761

जिला प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार से द्वितीय चरण के तहत नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 25 अप्रैल को नामांकन की जांच की जाएगी। वहीं जिले में 11 मई को मतदान संपन्न होगा। - प्रवीण कुमार लक्षकार, जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम।

रंगाई पुताई के बाद मतपेटियां तैयार
पिछले चार दिनों से जिला बचत कार्यालय के पास मतपेटियों की मरम्मत का काम चल रहा था। इसके साथ ही मतपेटियों की रंगाई पुताई की गई थी। नामांकन से एक दिन पहले रविवार को सभी मतपेटियों को चेक कर सुरक्षित एकत्रित कर लिया गया। जिसके बाद नगर पालिका के कैटकैचर वाहन से सभी मतपेटियों को सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया गया।

ये भी पढे़ं- पीलीभीत: कुत्तों से लगा डर तो पेड़ पर चढ़ा तेंदुआ, देखें वीडियो

 

संबंधित समाचार