अयोध्या: निर्माणाधीन यूटिलिटी डक्ट में गिरा शख्स, स्थानीय लोगों ने निकाला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या,अमृत विचार। सोमवार की रात लगभग 9 बजे ककरही बाजार मोहल्ला निवासी एक शख्स स्कूटी समेत रामपथ किनारे निर्माणाधीन यूटिलिटी डक्ट में जा गिरा। हादसा साहबगंज पुलिस चौकी से थोड़ी दूर पर हुआ। स्थानीय लोगों ने किसी तरह शख्स को बाहर निकाला, हालांकि उसकी स्कूटी अभी भी लबालब पानी में डूबी हुई है। 

स्थानीय लोगों ने बताया कि रामपथ पर यूटिलिटी डक्ट के निर्माण और सीवर लाइन डालने का काम चल रहा है। साहबगंज पुलिस चौकी से थोड़ी दूर सडक किनारे निर्माण के दौरान नगर निगम की वाटर सप्लाई की पाइप लाइन कट गई, जिसके चलते खोदे गये गड्ढे में लबालब पानी भर गया और पानी सड़क की पटरी पर फैल गया। जलभराव के चलते निर्माण के लिये खोदा गया गड्ढा जलभराव में छिप गया। इसकी शिकायत भी अयोध्या नगर निगम के जलकल विभाग के कर्मियों और अधिकारियों से की गई, लेकिन किसी ने कोई ध्यान नहीं दिया। 

सोमवार रात लगभग 9 बजे उधर से गुजर रहा एक स्कूटी सवार हादसे का शिकार हो गया और स्कूटी समेत गड्ढे में भरे पानी में जा गिरा। पानी में गिरने की आवाज पर आसपास के लोग दौड़े और युवक को बाहर निकाला। हालांकि उसकी स्कूटी अभी गड्ढे के पानी में ही पड़ी है। उनका कहना है कि गनीमत रही कि हादसा ऐसे समय हुआ जब लोग जग रहे थे। जिसके चलते बचाव कार्य को त्वरित ढंग से संपादित कर लिया गया, ज्यादा रात होती तो हादसा जानलेवा साबित हो सकता था। फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंच गई है और तमाशबीनों की भीड़ जुटी है।


ये भी पढ़ें - पूर्व मंत्री राम अचल राजभर की करीबी शारदा राजभर को अकबरपुर से मिला टिकट

संबंधित समाचार