मुरादाबाद : मेरठ में हुई थी निसार व फातिमा की मुलाकात, सभी को पता थी बांग्लादेशी महिला की कहानी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। पुलिस पूछताछ में निसार ने बताया कि फातिमा से उसकी मुलाकात मेरठ में हुई थी। वह मेरठ में अल्लीपुर जिजमाना फफूंदा मीट फैक्ट्री में काम करता था। वहां फातिमा उर्फ अमीना उर्फ मोटी पहले से कार्यरत थी। फातिमा मूलरूप से बांग्लादेश की रहने वाली है। फातिमा पहले से ही तीन बेटियों एक बेटे की मां थी। 14 वर्ष पहले दोनों ने निकाह कर लिया। निसार व फातिमा का एक पुत्र अयान है। करीब सात माह पहले फातिमा के साथ वह मुरादाबाद आ गया। 

शकील अहमद पुत्र जमील अहमद निवासी बिलाल मस्जिद के पास रहमतनगर करूला में किराए का कमरा लेकर दोनों साथ रहने लगे। मकान मालिक शकील फिलहाल दिल्ली में है। निसार को किराए का कमरा शकील के साले यासीन ने दिलाया था। यासिन अपने जीजा के घर के सामने रहता है।

सभी को पता थी बांग्लादेशी महिला की कहानी 
छानबीन में पुलिस को पता चला कि शकील व उसके साले को पहले से पता था कि फातिमा मूलरूप से बांग्लादेश की रहने वाली है। वह बगैर वीजा- पासपोर्ट बीते 17 साल से भारत में निवास कर रही थी। फातिमा ने अपने मेरठ के पते पर आधार कार्ड, श्रम कार्ड एवं अन्य कागजात बनवाया। फातिमा की मझली बेटी गुलशन का पति भी बांग्लादेश का रहने वाला है। फातिमा ने बताया कि मूलरूप से वह म्यांमार की रहने वाली है। 17 वर्ष पहले अपने भाई बटु रहमान के साथ वह भारत आई। उसका भाई वापस बांग्लादेश लौट गया। जबकि वह चोरी छिपे अपने बच्चों के साथ भारत में निवास कर रही है। फर्जी प्रपत्र बनाने में फातिमा ने मेरठ के रहने वाले व अपने पति निसार की मदद ली। मोबाइल फोन के जरिए फातिमा अपने परिजनों के संपर्क में है।

15 हजार में बने फर्जी प्रपत्र
मुरादाबाद। पूछताछ में फातिमा ने बताया कि मोनिरुल उसके दामाद जाहिद का दोस्त है। अयाज भी जाहिद का दोस्त है। अयाज से मेरी छोटी पुत्री अर्शी का रिश्ता तय है। हामिद जाहिद का छोटा भाई है। फर्जी आधार कार्ड बनाने में हामिद व जाहिद ने मदद की। बताया कि मेरठ में 10 से 15 हजार रुपये प्रति व्यक्ति फर्जी प्रपत्र बनाने में खर्च हुआ।

पांच बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार करते हुए कोर्ट में पेश किया गया। इनमें चार महिलाएं व एक पुरुष शामिल हैं। दो नाबालिग सेल्टर होम भेजे गए हैं। जिलाधिकारी की मदद से बांग्लादेशी नागरिकों के पकड़े जाने की सूचना गृह मंत्रालय को भेजी गई है। -अखिलेश भदौरिया, एसपी सिटी मुरादाबाद।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : फर्जी दस्तावेजों के साथ चार बांग्लादेशी समेत पांच लोग गिरफ्तार

संबंधित समाचार