'NCP में हूं और यहीं रहूंगा...', BJP में शामिल होने की अटकलों पर अजित पवार ने तोड़ी चुप्पी
मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर चुप्पी तोड़ दी है। अजित पवार ने मंगलवार को कहा कि वह जब तक जीवित हैं, अपनी पार्टी के लिए काम करते रहेंगे। इसके साथ ही पवार ने उन अटकलों को खारिज कर दिया कि वह सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के साथ अपने करीबी विधायकों के एक गुट के साथ गठबंधन कर सकते हैं।
विपक्ष के नेता पवार ने यहां संवाददाताओं से कहा कि राकांपा में किसी तरह के मतभेद और उनके भाजपा से हाथ मिलाने की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है। पवार ने कहा, “हम सभी (पार्टी विधायक) राकांपा के साथ हैं। मैं जब तक जीवित रहूंगा, राकांपा के लिए काम करता रहूंगा।’’
उन्होंने कहा कि वे एनसीपी में हैं और एनसीपी में ही रहेंगे। एनसीपी जो भी तय करेगी, मैं वहां रहूंगा। अजित पवार ने एनसीपी छोड़ने की अफवाहों को खारिज किया और कहा कि मेरे बारे में फैलाई गई अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है।
अजीत पवार ने कहा, ''आज मुझसे विधायक मिलने आए थे, ये रूटीन काम के लिए आए थे। इसका अलग मतलब मत निकालो। मैं पार्टी और शरद पवार के प्रति बहुत वफादार हूं और जो वे कहेंगे वही करूंगा। जो मैसेज और अफवाहें फैलाई जा रही हैं, वह सब हमारे खिलाफ साजिश है. अजित पवार ने कहा, देश में लोग कई समस्याओं से जूझ रहे हैं। सबसे ज्यादा दिक्कतें किसानों को हैं. लोगों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। वहीं, एकनाथ-उद्धव गुट के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर उन्होंने कहा, हम कोर्ट के फैसले का इंतजार कर रहे हैं।
कहां से शुरू हुईं बीजेपी में शामिल होने की अटकलें
अजित पवार ने पीएम मोदी के करिश्मे की तारीफ कर दी थी। इतना ही नहीं, उन्होंने EVM पर भी भरोसा जताया था। इसके बाद महाराष्ट्र सरकार में मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने एनसीपी को एनडीए में आने का न्योता दे दिया था। तब से महाराष्ट्र में तमाम तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। इतना ही नहीं खबरें सामने आई थीं कि अजित पवार ने एनसीपी विधायकों की बैठक बुलाई थी। वे NCP सुप्रीमो शरद पवार और सांसद सुप्रिया सुले की पुणे की रैली में भी शामिल नहीं हुए थे। इन सब घटनाओं के बाद उनके बीजेपी में जाने की अटकलों को बल मिल गया।
ये भी पढ़ें- भाजपा ने महापौर चुनाव लड़ने का किया फैसला, पार्षद शिखा राय को उतारा
