अयोध्या : वनगमन मार्ग पर छुट्टा पशुओं ने मचा रखा है आतंक, बीडीओ बोले। गौशाला निर्माण के बाद पकड़े जाएंगे छुट्टा पशु
अयोध्या । विकासखंड पूरा बाजार के दर्शन नगर से रामपुर भगन को जाने वाले लगभग 20 किलोमीटर लंबे राम वनगमन मार्ग पर छुट्टा पशुओं ने आतंक मचा रखा है। यहाँ पशु बीच सड़क पर ही चहलकदमी करते रहते हैं। लोगों का चलना दुश्वार हो गया है। ग्राम पंचायत सराय चैमल के राजस्व गांव लक्ष्मीदासपुर के झलियावां बाग व राम वनगमन मार्ग पर छुट्टा जानवर का कब्जा है। राहगीर पैदल नहीं चल पाते बाइक से तो बात ही अलग है।
झलियावां के राम नयन पांडेय ,कृपा शंकर पांडेय, दिनेश पांडेय, प्रिंस पांडेय कहते हैं कि छुट्टा जानवर बीच सड़क पर डेरा जमाए रहते हैं। लक्ष्मीदासपुर के कप्तान, गिरजा शंकर, शिव शंकर, शिवराम, दिनेश, बलिराम ने बताया कि छुट्टा जानवर फसलों के नुकसान के साथ हमला भी करने लगे हैं। यही हाल ब्लाक के कोडरी चौराहा, कर्मा चौराहा, पुरखेपुर, गगौली चौराहा, रसूलाबाद, ऐमीघाट, बिल्हर घाट, मड़ना, राजपुर आदि का है।
13 अटल गौआश्रय स्थल का चल रहा निर्माण
पशु चिकित्सा अधिकारी पूरा बाजार डॉ संजय कुमार यादव ने बताया कि छुट्टा जानवरों को पकड़ने का काम ब्लाक के कर्मचारी करते हैं हम लोग उनके सहयोग में रहते हैं। खंड विकास अधिकारी पूरा बाजार मनीष मौर्या ने बताया कि ब्लॉक में 13 अटल गौआश्रय स्थल का निर्माण चल रहा है, जिसका निर्माण कार्य 2030 तक पूरा हो जाने के बाद छुट्टा जानवरों को पकड़ा जाएगा।
ये भी पढ़ें - बहराइच : अज्ञात कारणों से फूस के मकानों में लगी आग, अग्निकांड में तीन घरों की गृहस्थी हुई जलकर राख
