बरेली: जंक्शन पर बंदरों का आतंक, महिला स्टेशन मास्टर और महिला यात्री पर हमला कर किया लहूलुहान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बरेली जंक्शन पर बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार सुबह बंदरों के झुंड ने महिला स्टेशन मास्टर और एक महिला यात्री पर हमला कर घायल कर दिया। दोनों के कपड़े तक फट गए। रेलवे स्टाफ के मुताबिक बंदर अक्सर यात्रियों पर हमला करते हैं, फिर भी न जंक्शन के अधिकारी ध्यान देने को तैयार हैं न ही नगर निगम।
जंक्शन पर स्टेशन मास्टर रूबल सक्सेना की बुधवार को मॉर्निंग शिफ्ट में ड्यूटी थी। सुबह करीब आठ बजे वह सुभाषनगर की ओर से जंक्शन पर आने के लिए फुटओवर ब्रिज से चढ़ रही थीं तभी बंदरों के झुंड ने स्वचलित सीढ़ियों के पास उनके साथ बदायूं जाने के लिए आई एक महिला यात्री को घेर लिया। दोनों ने डरकर तेजी से आगे बढ़ने की कोशिश की, तभी एक बंदर का बच्चा चिल्लाने लगा। इसके बाद बंदरों ने उन पर हमला कर दिया।

बंदरों ने स्टेशन मास्टर और महिला यात्री को हाथ और पैरों में काटकर लहूलुहान कर दिया। स्टेशन मास्टर के कपड़े तक फाड़ दिए। दूसरे यात्रियों के शोर मचाने पर बंदर भागे। स्टेशन मास्टर रूबल और दूसरी घायल युवती ने रेलवे अस्पताल जाकर जख्मों पर ड्रेसिंग कराने के साथ एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाई।

दो सौ से ज्यादा बंदरों का डेरा है जंक्शन पर, नहीं सुनता नगर निगम
बरेली में बंदरों के आतंक और बढ़ती संख्या का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पिछले साल वन विभाग की ओर से कराई गई वन्य जीव गणना में जिले में छह हजार से ज्यादा बंदर पाए गए थे। बरेली जंक्शन पर ही दो सौ से ज्यादा बंदर डेरा जमाए हुए हैं। आए दिन यात्रियों पर हमला करने के साथ ये बंदर वेंडरों का खाने-पीने का सामान तक लेकर भाग जाते हैं। स्टेशन अधीक्षक सत्यवीर सिंह के मुताबिक उन्होंने कई बार नगर निगम को बंदर पकड़वाने के लिए लिखा है लेकिन एक बार भी टीम नहीं भेजी गई। एक बार फिर बंदर पकड़ने के लिए लिखेंगे।

ये भी पढे़ं- नगर निकाय चुनाव: बढ़ती तपिश के साथ चढ़ेगा सियासत का पारा, सभी दलों ने वोटरों को रिझाने का काम किया शुरू

 

संबंधित समाचार