बरेली: सोमवार से नया रोस्टर लागू करने की तैयारी
बरेली,अमृत विचार। हाईकोर्ट की सख्ती के बाद संक्रमण की रोकथाम के लिए दो गज की दूरी का पालन कराने के लिए प्रशासन फिर सक्रिय हो गया है। सोमवार से बाजार खोलने का नया रोस्टर लागू करने की तैयारी है। इसके लिए जिलाधिकारी शनिवार को व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ वर्चुअल बैठक कर रोस्टर लागू …
बरेली,अमृत विचार। हाईकोर्ट की सख्ती के बाद संक्रमण की रोकथाम के लिए दो गज की दूरी का पालन कराने के लिए प्रशासन फिर सक्रिय हो गया है। सोमवार से बाजार खोलने का नया रोस्टर लागू करने की तैयारी है। इसके लिए जिलाधिकारी शनिवार को व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ वर्चुअल बैठक कर रोस्टर लागू करने के संबंध में चर्चा करेंगे।
सड़क की एक साइड की दुकानें खुलेंगी तो दूसरी साइड की बंद रहेंगी। ऐसा रोस्टर जारी करने की बात कही जा रही है। यह भी चर्चा है कि दिशाओं के आधार पर भी बाजार खोला जा सकता है लेकिन यह रोस्टर उन्हीं बाजार क्षेत्रों में लागू होगा जहां पर भीड़ ज्यादा पहुंच रही है।
कोरोना संक्रमण के फैलाव के मद्देनजर हाईकोर्ट ने प्रशासन को बाजार को सम और विषम के आधार पर खोलने के आदेश जारी किए हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी नितीश कुमार मजिस्ट्रेट और थाना प्रभारियों से भीड़भाड़ वाले बाजारों की रिपोर्ट तैयार करा रहे हैं। बताते हैं कि अफसरों ने रिपोर्ट तैयार कर ली है। व्यापारियों के साथ होने वाली बैठक में भी इस रिपोर्ट पर चर्चा हो सकती है। इधर, शनिवार और रविवार को वीकेंड लाकडाउन होने की वजह से यह रोस्टर लागू नहीं होगा।
