Auraiya: बैठक में अनुपस्थित रहने पर सीएमओ से स्पष्टीकरण तलब, सदर विकासखंड में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपंन्न
औरैया में सदर विकासखंड में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपंन्न हुई।
औरैया में सदर विकासखंड में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपंन्न हुई। वहीं, बैठक में अनुपस्थित रहने पर सीएमओ से स्पष्टीकरण तलब।
औरैया, अमृत विचार। सदर विकासखंड के सभागार में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति एवं जिला विद्यालय वाहन परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक डीएम की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण लिए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधितों को निर्देश देते हुए कहा कि सड़कों पर आए दिन होने वाले दुर्घटनाओं में मृत लोगों को समय रहते मुआवजा दिलाया जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी, लापरवाही बरतने वाले संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
डीएम प्रकाशचंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि दुर्घटना में मृतकों को दिए जाने वाले लाभ के लिए सभी संबंधितों को निर्देश दिए कि प्रपत्र पूर्ण करने की जिम्मेदारी समय रहते की जाए। यदि किसी की लापरवाही के कारण पीड़ित परिवार को मिलने वाली आर्थिक सहायता नहीं मिल पाती है तो संबंधित की जिम्मेदारी सुनिश्चित करते हुए कार्यवाही होगी। उन्होंने सभी संबंधितों से कहा कि वह लोगों को इस बात के लिए जागरूक करें कि दुर्घटना के बाद पीड़ित को किसी भी प्रकार से उपचार के लिए चिकित्सालय में पहुंचाएं, जिससे उसकी जान बचने के साथ-साथ इस कार्य को करने का सरकार द्वारा निर्धारित रुपए पांच हजार रुपये पुरस्कार भी दिया जाएगा।
उन्होंने सभी क्षेत्रीय यातायात निरीक्षक को निर्देश दिए कि गलत दिशा में आने वाले वाहनों पर नजर रखी जाए और लापरवाही करने वाले वाहन चालकों के वाहनों का चालान किया जाए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना बाहुल्य स्थलों सहित निर्धारित स्थलों पर संकेतांक बोर्ड लगवाए और स्पीड ब्रेकर पर जेब्रा लाइन /सफेदी की जाए जिससे चालक दूर से देख सके। बैठक के पूर्व जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आगामी ईद एवं परशुराम जयंती पर साफ-सफाई तथा प्रतिबंधित जानवरों के पालको को कड़ाई के साथ निर्देशित करें कि उस दौरान कोई भी जानवर खुला न छोड़ा जाए यदि ऐसा पाया जाता है तो कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाये।
उन्होंने पेयजलापूर्ति, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति चाक-चौबंद रखने के लिए अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद/ नगर पंचायत सहित सभी संबंधितों को निर्देश दिये। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक चारू निगम, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए हरेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अभिषेक यादव, आरटीओ अशोक कुमार, एआरटीओ रेहाना बानो सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
