Farrukhabad News : स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बन नहीं रहा, कैसे जाएंगे अमरनाथ यात्रा, लोहिया अस्पताल में भटक रहे लोग
फर्रुखाबाद में लोहिया अस्पताल में एक से दूसरे डाक्टर के पास रिपोर्ट लगवाने को लोग भटक रहे।
फर्रुखाबाद में लोहिया अस्पताल में एक से दूसरे डाक्टर के पास रिपोर्ट लगवाने को लोग भटक रहे। वहीं, स्वास्थ्य विभाग प्रमाण पत्र बन नहीं रहा। अब सवाल है कि अमरनाथ यात्रा कैसे जाएंगे।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। अमरनाथ यात्रा पर जाने के लिए स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बनवाने भक्तों के लिए मुसीबत बन गया है। प्रमाण पत्र बनवाने के लिए उनको लोहिया अस्पताल में इधर से उधर चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, इसके बावजूद प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहा है। दिन भर एक से दूसरी पटल पर दौड़ने के बाद जब प्रमाण पत्र नहीं बना तो लोग परेशान होकर घर चले गए।
अमरनाथ यात्रा पर जाने के लिए स्वास्थ्य प्रमाण पत्र की आवश्यकता होती है। इसी के आधार पर यात्रा के लिए पंजीकरण होगा। अमरनाथ यात्रा करने के लिए स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लोगों ने आवेदन किया। स्वास्थ्य प्रमाण पत्र में नेत्र चिकित्सक और हृदयरोग विशेषज्ञ जांच के बाद अपनी रिपोर्ट लगाएंगे, तब उनको फिटिनेश प्रमाण पत्र बनकर मिलेगा। बुधवार को राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर निवासी शिव कुमार, प्रमाद, अवधेश, कुंवेरपुर कुतुलुपुर निवासी अमित, सुरजीत समेत अन्य लोग स्वस्थ्य होने का प्रमाण पत्र बनवाने गए।
कंप्यूटर कक्ष में बैठे कर्मचारी ने कहा कि कक्ष संख्या तीन में मेडिकल फिटनेस की रिपोर्ट लगवाने के बाद नेत्र विभाग कक्ष संख्या 15 में डॉ. मेघा सक्सेना से रिपोर्ट लगवाने के बाद कॉडियोलॉजिस्ट डॉ. मनोज पांडेय से रिपोर्ट लगवाने के बाद कक्ष संख्या बीस में जमा करे। इसके बाद प्रमाण पत्र जारी होगा। अमरनाथ यात्रा के लिए स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बनवाने लोहिया आए लोग एक से दूसरे कक्ष में रिपोर्ट लगवाने के लिए दौड़ते रहे।
कभी किसी को डॉ. मेघा सक्सेना नहीं मिली तो कभी किसी को डॉ. मनोज पांडेय ने नहीं मिले। इधर उधर भटकने के बाद जब रिपोर्ट नहीं मिली तो लोग घर चले गए। प्रमाण पत्र बनवाने आए लोगों का कहना है कि वह कई दिन से दौड़ लगा रहे हैं, लेकिन स्वास्थ्य प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहा है।
