बरेली: गर्मी की दस्तक....बस अड्डों पर नकली कोल्डड्रिंक और पानी की बोतल बेचने का खेल शुरू
बरेली, अमृत विचार। गर्मी की दस्तक के साथ शहर के रोडवेज बस अड्डों पर नकली कोल्डड्रिंक और पानी की बोतल बेचने का खेल शुरू हो गया है। एक यात्री ने इसका वीडियो बनाकर रोडवेज के अफसरों से शिकायत की है। मामले में बरेली डिपो के आरएम ने जांच के निर्देश दिए हैं।
सेटेलाइट बस अड्डे पर यात्रियों को लोकल पानी की बोतल और नामी कंपनी की नकली कोल्डड्रिंक बेची जा रही है। कंपनी के नाम का सेम लोगो लगा होने के कारण यात्री असली और नकली की पहचान नहीं कर पा रहे हैं। दुकानदार यात्रियों को चूना लगा रहे हैं। नकली शीतलपेय यात्रियों की सेहत बिगाड़ सकते हैं। 15 अप्रैल को रॉकी नाम के एक यात्री ने नकली कोल्डड्रिंक और पानी की बोतल का वीडियो बनाकर परिवहन निगम के मुख्यालय, परिवहन मंत्री समेत कई अधिकारियों से मामले की शिकायत की। जिसके बाद बरेली डिपो के आरएम दीपक चौधरी ने सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक बरेली डिपो को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पहले भी यात्री कर चुके हैं शिकायतें
यह कोई पहली शिकायत नहीं है, इससे पहले भी यात्री इस संबंध में अफसरों से शिकायत कर चुके हैं, मगर जिम्मेदारों ने जांच करने की जहमत नहीं उठाई। फिलहाल, अब अफसर इस प्रकरण में जांच कर कार्रवाई करने की बात कर रहे हैं।
ये भी पढे़ं- बरेली जंक्शन पर रोती मिली किशोरी, जीआरपी ने रेलवे चाइल्ड लाइन को किया सुपुर्द
