संभल : छापामारी कर अपंजीकृत दो क्लीनिक सील, रिपोर्ट दर्ज
नोडल अधिकारी ने टीम के साथ गैर कानूनी तरीके से संचालित क्लीनिक पर मारा छापा
संभल/चन्दौसी/कुढ़फतेहगढ़, अमृत विचार। कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार को अपंजीकृत क्लीनिकों पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरौली की टीम ने छापेमारी की। टीम ने बिचैटा चौराहा एवं गनेशपुर में दो अपंजीकृत क्लीनिक सील कर दिए। इसके साथ ही क्लीनिक संचालकों के खिलाफ एफआईआर कराई गई है। वहीं एक चिकित्सक के क्लीनिक में ताला डाल कर संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए नोटिस जारी किया है। इस कार्रवाई से हड़कंप मचा रहा।
गुरुवार की सुबह नोडल अधिकारी डॉ. विश्वास अग्रवाल ने टीम के साथ बिचैटा चौराहा पर छापेमारी की। इस दौराना बिचैटा चौराहा स्थित बृजेश कुमारी का क्लीनिक खुला मिला। वह मौके पर नहीं थी। आवश्यक कागजात न मिलने पर टीम ने उनके क्लीनिक को सील कर दिया। वहीं चौराहा स्थित एक बंगाली चिकित्सक प्रैक्टिस करते मिला।
उसके क्लीनिक पर ताला लगाकर नोटिस जारी करते हुए संबंधित दस्तावेज शीघ्र ही उपलब्ध कराने को कहा गया है।
उधर कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव गनेशपुर में भी प्रमोद कुमार का क्लीनिक संचालित मिला। प्रमोद कुमार टीम को देख मौके से भाग गया। टीम ने इस क्लीनिक को भी सील कर दिया। पुलिस ने डिप्टी सीएमओ डॉ. विश्वास अग्रवाल की तहरीर के आधार पर बृजेश कुमारी तथा प्रमोद कुमार के खिलाफ मेडिकल एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गुरुवार को थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के बिचैटा चौराहे व गनेशपुर में दो क्लीनिकों पर छापा मारा गया। दोनों क्लीनिक अपंजीकृत पाए गए। इस पर दोनों क्लीनिक को सील कर उनके संचालकों के खिलाफ इंडियन मेडिकल काउंसिल एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। -डॉ. विश्वास अग्रवाल, नोडल अधिकारी व डिप्टी सीएएमओ।
ये भी पढ़ें:- रामपुर : भाजपा गठबंधन से शफीक अंसारी और सपा से अनुराधा चौहान ने दाखिल किया नामांकन
