इमरान प्रतापगढ़ी को स्टार प्रचारक बनाने पर भाजपा ने कांग्रेस को लिया आड़े हाथ
बेंगलुरु। केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने आगामी कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के 40 स्टार प्रचारकों की सूची में राज्यसभा सदस्य इमरान प्रतापगढ़ी को शामिल किए जाने पर बृहस्पतिवार को कड़ा ऐतराज जताया और उन्हें ‘देशद्रोही’ करार दिया। कृषि और किसान कल्याण राज्य मंत्री और भाजपा की कर्नाटक चुनाव प्रबंधन समिति की संयोजक ने कांग्रेस और मारे गए गैंगस्टर-राजनीतिज्ञ अतीक अहमद के बीच “संबंध” भी जानना चाहा।
ये भी पढ़ें - समलैंगिक विवाह: मामलें ज्यादा और दलीलों का समय सीमित किये बिना सूचीबद्ध करना संभव नहीं: SC
अहमद की हाल ही में उत्तर प्रदेश में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मंत्री ने जानना चाहा, “जिस व्यक्ति को अतीक के समर्थन में खड़े होने पर गिरफ्तार होना चाहिए था, वो स्टार प्रचारक बन गया है। अतीक अहमद और कांग्रेस के बीच क्या संबंध है?” उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतापगढ़ी अहमद के करीबी दोस्त थे और अहमद को अपना “गुरु” और भाई कहते थे।
करंदलाजे ने कहा कि मुशायरों में शामिल होने वाले सांसद, अहमद की तारीफ में शायरी करते थे। पार्टी के कदम का बचाव करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने हैरानी जताते हुए पूछा कि यह सवाल ही क्यों उठा। वल्लभ ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “इमरान प्रतापगढ़ी हमारी पार्टी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष हैं और वह आने वाले हैं। इसमें गलत क्या है? हम उस व्यक्ति को नहीं बुला रहे हैं जिसने अपराध किया है या सलाखों के पीछे है।”
बुधवार को स्टार प्रचारको की सूची जारी करने वाले विपक्षी दल पर निशाना साधते हुए करंदलाजे ने कहा, “यह जानते हुए भी कि इमरान प्रतापगढ़ी ‘देशद्रोही गतिविधियों’ में शामिल थे, आप (कांग्रेस) ने उन्हें राज्यसभा भेजा और कर्नाटक में स्टार प्रचारक नियुक्त किया।” भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस “विध्वंसकारी तत्वों और कट्टरपंथियों के प्रवेश की अनुमति दे रही है”।
त्रिवेदी ने दावा किया, “इमरान प्रतापगढ़ी अतीक की तारीफ में शायरी लिखा करते थे। अतीक भी प्रतापगढ़ी के काव्य-सम्मेलन में शामिल हुए। इमरान की कविताओं में देशद्रोही, समाज-विरोधी और मुसलमानों को हिंदुओं के खिलाफ भड़काने का गुणगान किया गया है।” कर्नाटक में विधानसभा चुनावों में भाजपा, कांग्रेस और जद(एस) के बीच त्रिकोणीय जंग है। कर्नाटक में एक चरण में 10 मई को मतदान होगा तथा 13 मई को नतीजे घोषित किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें - Jammu & Kashmir: पुंछ में सेना की गाड़ी पर आतंकी हमला, पांच जवान शहीद
