चित्रकूट: भीषण गर्मी से लोग बेहाल, खेत गई महिला की मौत
पहाड़ी /चित्रकूट, अमृत विचार। भीषण गर्मी, लू और तपन अब जानलेवा बनता जा रहा है। नौ बजते ही सूर्यदेव का कोप दिखने लगता है। गुरुवार को खेत गई एक महिला चक्कर खाकर गिर पड़ी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की वजह लू लगना बताया जा रहा है।
पहाड़ी थानांतर्गत चौरा गांव निवासी सुनीता (35) गुरुवार को रोजाना की तरह अपने खेत गई थी। दोपहर साढ़े बारह बजे वह खेत में चक्कर खाकर गिर पड़ी। पास के खेत में काम कर रहे गांव निवासी युवक बीरबल ने देखा तो उसके घरवालों को खबर की। घरवाले उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भागे। जहां चिकित्सक ऋषि प्रताप सिंह ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पति राकेश सिंह ने बताया कि सुनीता का दिल कमजोर था और ऐसा लगता है कि गर्मी से उसकी मौत हुई है।
उधर, एसओ राजापुर नागेंद्र कुमार नागर ने भी बताया कि प्रथमदृष्टया मौत की वजह भीषण गर्मी और लू मानी जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा। सुनीता अपने पीछे पांच साल और सात साल के दो बेटे छोड़ गई है। पति खेती किसानी कर परिवार का पेट पालता था।
ये भी पढ़ें - UP में कोरोना वायरस से संक्रमित 5 लोगों की मौत, लखनऊ में मिले सबसे ज्यादा मरीज
