बहराइच : मारपीट करते हुए नदी में कूदे किशोर और ग्रामीण की मौत
मवेशी निकालने को लेकर विवाद
बहराइच, अमृत विचार। जनपद के सुआ गाड़ा गांव निवासी एक किशोर शुक्रवार शाम को मवेशी लेकर वापस घर जा रहा था। खेत के निकट से मवेशी निकालने को लेकर विवाद होने लगा। विवाद के दौरान मारपीट करते हुए दोनों सरयू नहर में कूद गए। दोनों की पानी में डूबकर मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
फखरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रौंदोपुर के मजरा सुआगाड़ा निवासी संदीप कुमार (16) पुत्र नन्हेलाल शुक्रवार को मवेशी चराने खेत को गए थे। वापस शाम को मवेशी लेकर आ रहे थे। रास्ते में गांव निवासी लल्लन निषाद (38) पुत्र उदय राज ने खेत के पास से मवेशी निकालने का विरोध किया। मवेशी निकालने को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद करते ही किशोर संदीप सरयू नदी में चला गया।
पीछे से लल्लन भी नदी में कूद गया। दोनों के बीच विवाद होने लगा। ग्राम प्रधान मस्तराम वर्मा ने बताया कि शाम को दोनों पानी में डूब गए। दोनों की मौत हो गई। जानकारी मिलने पर परिवार के लोग रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोता खोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया गया। पुलिस को घटना से अवगत कराया गया। प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि विवाद की दोनों की नदी में डूबकर मौत हुई है। अभी विवाद की जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जायेगा।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : शहर के पांच अस्पतालों में लगेगा ताला
